एक कैलेंडर ईयर में 2,000 टी-20 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने रिजवान, ऐसे रहे आंकड़े

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का बल्ला इस साल रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस साल टी-20 विश्व कप के कारण सभी टीमों ने अधिक टी-20 मुकाबले खेले और पाकिस्तान भी इसमें पीछे नहीं रही। रिजवान ने इसका फायदा लेते हुए इस साल टी-20 क्रिकेट में इतने रन बना दिए हैं कि वो एक विश्व रिकॉर्ड बन गया है। रिजवान एक कैलेंडर ईयर में 2,000 टी-20 रन बनाने पहले बल्लेबाज बने हैं।
रिजवान ने इस साल की अपनी 45वीं टी-20 पारी के दौरान 2,000 रनों के आंकड़े को पार किया। वह एक कैलेंडर ईयर में 2,000 रन बनाने पहले बल्लेबाज बने हैं। रिजवान के बाद एक कैलेंडर ईयर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बाबर आजम हैं। आजम ने इस साल टी-20 में लगभग 1,800 रन बनाए हैं। इन दोनों ने 2015 में क्रिस गेल (1,665) द्वारा बनाए विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा है।
रिजवान ने इस साल 26 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 73.66 की अदभुत औसत के साथ 1,326 रन बनाए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में 1,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप के दौरान ही यह उपलब्धि हासिल कर ली थी। बाबर (939) एक कैलेंडर ईयर में दूसरे सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 2019 में पॉल स्टर्लिंग ने 748 रन बनाकर ये रिकॉर्ड कायम किया था।
इस साल अधिकतर मैचों में पारी की शुरुआत करने वाले रिजवान ने मैच को समाप्त किया है। वह इस साल खेली 26 में से आठ पारियों में नाबाद रहे हैं और इस साल सबसे अधिक बार नाबाद रहने वाले बल्लेबाज हैं। रिजवान (119) इस साल 100 या उससे अधिक चौके लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। 42 छक्के लगाने वाले रिजवान छक्कों के मामले में भी सबसे आगे हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय के अलावा रिजवान ने घरेलू टी-20 मैचों में भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 12 मैचों में 45.45 की औसत के साथ 500 रन बनाए और दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
29 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान ने अब तक 55 मैचों में 51.21 की जबरदस्त औसत और 128.95 की स्ट्राइक रेट से 1,639 रन बनाए हैं। उन्होंने 104* के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और 13 अर्धशतक भी लगा लिए हैं। वह अपने टी-20 करियर में अब तक 150 चौके और 47 छक्के लगा चुके हैं। पहली 18 पारियों में रिजवान के बल्ले से केवल 313 रन ही निकले थे।