डेविड वार्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात स्वीकारी, हो सकती है जेल
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज डेविड वार्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप स्वीकार किया है। दरअसल, इस साल अप्रैल में उनके खिलाफ सिडनी के मारूब्रा इलाके में शराब पीकर वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया था। अब उनके वकील बॉबी हिल ने सिडनी कोर्ट में सुनवाई के बाद ये बात स्वीकार की है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के खिलाफ 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
सजा
18 अगस्त को वार्नर को मिलेगी सजा
इस साल सिडनी में 5 अप्रैल को सड़क किनारे हुए टेस्ट में वार्नर का अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव आया था।
इसके बाद उन्हें पुलिस स्टेशन में ले जाया गया, जहां दूसरे टेस्ट में उनके खून में शराब की मात्रा 0.104 दर्ज की गई थी, जो आस्ट्रेलिया में तय कानूनी सीमा से दोगुने से भी ज्यादा है।
अब वार्नर को सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की गई है।
घटना
ईस्टर के दौरान घटी थी ये घटना
यह घटना उस वक्त हुई जब वार्नर पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी करने के बाद ईस्टर की छुट्टियों पर ऑस्ट्रेलिया आए थे।
वार्नर के वकील बॉबी हिल ने माना है कि पूर्व क्रिकेटर ने उबर लेने के बजाय खुद गाड़ी चलाकर लापरवाही भरा फैसला किया।
हालांकि, उन्होंने बचाव करते हुए कहा कि ईस्टर पर शराब पीना कोई अपराध नहीं है।
वकील के मुताबिक, आखिरी ड्रिंक के महज 11 मिनट बाद ही पुलिस ने उन्हें रोका था।
जेल
9 महीने तक की हो सकती है जेल
इंडिया टुडे के मुताबिक, उन्हें 9 महीने तक की जेल हो सकती है और करीब 2,200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 1.50 लाख रुपये) तक का जुर्माना लग सकता है।
इसके अलावा 6 महीने के लिए ड्राइविंग प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।
वार्नर फिलहाल बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के कप्तान हैं, और इस मामले के बाद उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं।
वह 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
करियर
शानदार रहा है वार्नर का अंतरराष्ट्रीय करियर
2009 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाले वार्नर ने 110 मैचों में 33.43 की औसत से 3,277 रन बनाए थे।
उन्होंने अपना वनडे करियर ऑस्ट्रेलिया के लिए छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में समाप्त किया था।
उन्होंने 161 मुकाबलों में 45.30 की औसत और 97.26 की स्ट्राइक रेट से 6,932 रन बनाए थे।
अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में उन्होंने 112 मैचों में 44.59 की औसत से 8,786 रन बनाए थे।