Page Loader
IPL में CSK की चेपॉक में रनों के लिहाज से 4 सबसे बड़ी हार पर नजर 
RCB ने चेपॉक स्टेडियम में CSK के खिलाफ 17 साल बाद दर्ज की जीत (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में CSK की चेपॉक में रनों के लिहाज से 4 सबसे बड़ी हार पर नजर 

Mar 29, 2025
04:27 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 8वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 50 रन से हरा दिया। यह RCB की एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में 17 साल बाद पहली जीत है। इसी तरह यह शिकस्त CSK की IPL के इतिहास में इस मैदान पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार के रूप में दर्ज हो गई है। आइए चेपॉक में रनों के लिहाज से CSK की 4 बड़ी हार पर नजर डालते हैं।

#1

IPL 2025 में RCB के खिलाफ 50 रन की हार

मैच में CSK ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह फैसला गलत साबित हुआ। रजत पाटीदार (51), फिल सॉल्ट (32) और टिम डेविड की ताबड़तोड़ पारी (8 गेंद में 22*) के कारण RCB ने 196/7 का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में CSK के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। रचिन रविंद्र सर्वाधिक (41) और महेंद्र सिंह धोनी (30) की पारियों से CSK की टीम 146/8 का स्कोर ही बना पाई और 50 रन से हार गई।

#2

IPL 2019 में MI के खिलाफ 46 रन की हार

IPL 2019 के 44वें मैच में CSK का चेपॉक में मुंबई इंडियंस (MI) से सामना हुआ था। उसमें MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रोहित शर्मा (67) के अर्धशतक और एविन लुईस (32) की पारियों से 155/4 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मुरली विजय (38), मिचेल सेंटनर (22) को छोड़कर CSK का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 109 पर सिमट गई। इस तरह MI ने 46 रनों से जीत दर्ज की।

#3

IPL 2010 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 31 रन की हार

IPL 2010 के 5वें मैच में CSK का चेपॉक में डेक्कन चार्जर्स से सामना हुआ था। उसमें चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एंड्रयू साइमंड्स (50) और हर्षल गिब्स (45) की पारियों की बदौलत 190/4 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में CSK से धोनी (42) और एल्बी मोर्कल (42) के अलावा अन्य कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया। इससे पूरी टीम 159/9 का ही स्कोर बना सकी और उसे 31 रन से हार का सामना करना पड़ा।

#4

IPL 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 24 रन की हार

IPL 2013 के 19वें मैच में CSK का चेपॉक में पुणे वॉरियर्स से मुकाबला हुआ था। उसमें पुणे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरोन फिंच (67) और स्टीव स्मिथ (39) की पारियों की बदौलत 159/5 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में CSK की टीम एस बद्रीनाथ (34), मुरली विजय (24) और रविंद्र जडेजा (27) की पारियों के बाद भी पूरे ओवर खेलकर 135/8 रन ही बना पाई। इस तरह उसे 24 रन से हार का सामना करना पड़ा।