चैंपियंस ट्रॉफी 2025: न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 60 रनों से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में कीवी टीम को 60 रनों से शानदार जीत मिली है।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 320/5 का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 260 रन ही बना पाई।
मैच में कीवी टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कमाल की रही। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और विल यंग (107), टॉम लैथम (118) और ग्लेन फिलिप्स (61) की धमाकेदार पारियों के दम पर उसने 320 रन बना दिए।
जवाब में पाकिस्तान के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
बाबर आजम (64) और खुशदिल शाह (69) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। मिचेल सेंटनर और विलियम ओ'रूर्के ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।
पहला
विल यंग ने पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला वनडे शतक
यंग ने 113 गेंदों का सामना किया और 107 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 94.69 की रही।
यह उनके वनडे करियर का चौथा और पाकिस्तान के खिलाफ पहला शतक रहा।
पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 8 पारियों में 44.50 की औसत से 356 रन बनाए हैं। 1 शतक के अलावा यंग के बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले हैं। उन्होंने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन पाकिस्तान के ही खिलाफ बनाए हैं।
शतक
टॉम लैथम ने वनडे करियर का 8वां शतक लगाया
विकेटकीपर बल्लेबाज लैथम ने 104 गेंदों का सामना किया और 118 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 113.46 की रही।
यह उनके वनडे करियर का आठवां और पाकिस्तान के खिलाफ पहला शतक रहा। उन्होंने यंग (107) के साथ 126 गेंदों में 118 रन की शानदार साझेदारी निभाई।
इसके बाद उन्होंने फिलिप्स (61) के साथ मिलकर सिर्फ 74 गेंदों में 125 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने यहीं से पूरा मैच अपनी तरफ मोड़ लिया।
रिकॉर्ड्स
चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड का 5वां शतक
लैथम चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले कीवी टीम के 5वें बल्लेबाज हैं।
उनसे पहले यंग (107), नाथन एस्टल (145* बनाम USA क्रिकेट टीम, 2004), क्रिस केर्न्स (102* बनाम भारतीय, 2002) और केन विलियमसन (100 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2017) यह कारनामा कर चुके हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सिर्फ 5वां मौका है जब 2 बल्लेबाजों ने एक मैच में शतकीय पारी खेली है। पाकिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में यह चौथा मौका है जब 2 बल्लेबाजों ने शतक लगाया है।
जानकारी
लैथम ने विदेशी सरजमीं पर पूरे किए 2,000 रन
लैथम ने विदेशी सरजमीं पर 2,000 वनडे रन पूरे कर लिए। उन्होंने 31वां रन बनाते ही यह कारनाम किया। लैथम ने 60 वनडे पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। वह 2,000 रन पूरे करने वाले कीवी टीम के सिर्फ 5वें बल्लेबाज बने हैं।
पारी
फिलिप्स की पारी पर एक नजर
फिलिप्स ने 39 गेंदों का सामना किया और 61 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 156.41 की रही।
यह उनके वनडे करियर का 5वां और पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया।
पाकिस्तान के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 7 पारियों में 82.75 की औसत के साथ 331 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 2 अर्धशतक निकले हैं।
रन
बाबर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरे किए 1,000 वनडे रन
बाबर ने मैच में 90 गेंदों का सामना किया और 64 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 71.11 की रही।
यह उनके वनडे करियर का 35वां अर्धशतक रहा।
कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 23 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 23 पारियों में 48.04 की औसत से 1,009 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 9 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107 रन रहा है।
जानकारी
फखर जमान ने घरेलू सरजमीं पर पूरे किए 1,000 रन
फखर जमान ने अपना 14वां रन बनाते ही घरेलू सरजमीं पर 1,000 रन पूरे कर लिए। पाकिस्तान में उन्होंने 23 मुकाबले खेले हैं और 45.90 की औसत से 1,010 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं।
अर्धशतक
खुशदिल शाह ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया
खुशदिल ने पाकिस्तान के लिए 49 गेंदों का सामना किया और 69 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 140.82 की रही।
इस खिलाड़ी ने आखिरी तक पाकिस्तान को जीत दिलाने के लिए संघर्ष किया।
यह उनके वनडे करियर का पहला अर्धशतक रहा। इस मुकाबले से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 41* रन था। अगर खुशदिल का किसी खिलाड़ी ने साथ दिया होता तो मैच पलट भी सकता था।