LOADING...
चैंपियंस ट्रॉफी 2025, पाकिस्तान बनाम भारत: दुबई क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल 
भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला दुबई में होगा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025, पाकिस्तान बनाम भारत: दुबई क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल 

Feb 22, 2025
03:09 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 5वां मुकाबला पाकिस्तान क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। यह मैच 23 फरवरी (रविवार) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस टूर्नामेंट का मेजबान पाकिस्तान है, लेकिन भारत अपने सभी मुकाबले दुबई में खेल रहा है। आखिरी बार ये दोनों टीमें टी-20 विश्व कप में आमने-सामने हुईं थी। जहां भारत को जीत मिली थी। इस बीच मैदान की पिच रिपोर्ट, मौसम का हाल और प्रमुख आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

आंकड़े

दुबई में कैसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन?

भारतीय टीम ने इस मैदान पर 7 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को 6 में जीत मिली है और 1 मैच टाई पर समाप्त हुआ है। पाकिस्तान ने इस मैदान पर 22 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को 8 मैच में जीत और 13 मुकाबलों में हार मिली है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। यहां पाकिस्तान का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 307 रन रहा है। यहां भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 285 रन है।

पिच

कैसा है पिच का मिजाज? 

दुबई की पिच स्पिन गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंदों के साथ तेज गेंदबाजों को अच्छी शुरुआत मिल सकती है। खेल आगे बढ़ने के साथ स्पिनर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। रन बनाने के लिए बल्लेबाजों को अपनी नजरें जमानी होगी। इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। यहां 59 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 35 बार दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।

जानकारी

ऐसा रहेगा मौसम 

दुबई में यह मुकाबला दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा, जो रात तक खेला जाएगा। एक्यूवेदर के मुताबिक 23 फरवरी को बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रहने की उम्मीद है।

सक्रिय

इन सक्रिय बल्लेबाजों का रहा है दुबई में शानदार प्रदर्शन 

सक्रिय भारतीय बल्लेबाजों में रोहित शर्मा ने यहां 6 मैच की 6 पारियों में 89.50 की औसत के साथ 358 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111* रन रहा है। पाकिस्तान के बाबर आजम ने यहां 6 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 6 पारियों में 55.83 की औसत से 355 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है।

गेंदबाज

इन सक्रिय गेंदबाजों का रहा है दुबई में अच्छा प्रदर्शन 

पाकिस्तान के सक्रिय गेंदबाजों में इस मैदान पर कोई भी अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाया है। भारत के लिए कुलदीप यादव ने इस मैदान पर 7 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 7 पारियों में 28 की औसत से 10 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/45 का रहा है। रविंद्र जडेजा ने यहां 5 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 5 पारियों में 27.57 की औसत से 7 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/29 का रहा है।

अन्य

दुबई स्टेडियम के अन्य आंकड़े 

दुबई क्रिकेट स्टेडियम में एक साथ बैठकर 25,000 दर्शक मैच का आनंद ले सकते हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 355/5 रन रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ये स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ साल 2015 में बनाया था। यहां सबसे छोटा स्कोर नामीबिया क्रिकेट टीम के नाम है। साल 2023 में वह UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। 4 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला सेमीफाइनल भी यहीं खेला जाएगा।