LOADING...
चैंपियंस ट्रॉफी 2025: मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स
मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ लिए 5 विकेट (तस्वीर: एक्स/@ICC)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025: मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Mar 02, 2025
06:30 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 12वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मैट हेनरी ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए। यह उनके वनडे करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते ही भारतीय टीम पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 249/9 का स्कोर ही बना सकी। आइए उनकी गेंदबाजी और वनडे प्रारूप के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

घातक रही हेनरी की गेंदबाजी

हेनरी ने भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (2) के रूप में अपना पहला विकेट चटकाया। इसके बाद उन्होंने नई गेंद से ही विराट कोहली (11) का बड़ा विकेट प्राप्त हुआ। उन्होंने लगातार विकेट लिए और भारतीय पारी को बैकफुट में धकेल दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या (45), रविंद्र जडेजा (16) और मोहम्मद शमी (5) के रूप में आखिरी ओवरों के दौरान विकेट लिए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 8 ओवर में 42 रन दिए।

प्रदर्शन 

चैंपियंस ट्रॉफी में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले कीवी गेंदबाज बने हेनरी

हेनरी अब चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनसे आगे इस सूची में जैकब ओरम हैं, जिन्होंने USA के खिलाफ मैच में (2004) में 36 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। इस सूची में उनका तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शायन ओकॉनर (5/46 बनाम पाकिस्तान, 2000) के नाम पर है।

आंकड़े

भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में 5 विकेट हॉल वाले पहले गेंदबाज 

हेनरी चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पिछला रिकॉर्ड पाकिस्तान के नावेद-उल-हसन के नाम (4/25) था। उन्होंने अब तक भारत के खिलाफ 11 वनडे खेले हैं, जिसमें 21.00 की औसत के साथ 21 विकेट चटकाए हैं। यह अब उनका भारत के खिलाफ 50 ओवर प्रारूप में पहला 5 विकेट हॉल है।

करियर 

ऐसा है हेनरी का वनडे करियर

हेनरी ने अब तक 90 वनडे खेले हैं, जिसमें 24.85 की औसत और 5.18 की इकॉनमी रेट के साथ 163 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 30 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में उन्होंने 3 मैचों में 15.5 की औसत और 5.09 की इकॉनमी रेट के साथ 8 विकेट चटकाए हैं। वह इस समय अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं।