LOADING...
क्या टी-20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड को पहली बार हरा पाएगा पाकिस्तान?
पाकिस्तान की टीम हर हाल में इंग्लैंड को हराना चाहेगी (फाइल तस्वीर)

क्या टी-20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड को पहली बार हरा पाएगा पाकिस्तान?

Feb 23, 2026
11:41 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 45वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना पाकिस्तान क्रिकेट टीम से 24 फरवरी (मंगलवार) को होगा। सुपर-8 के अपने पहले मैच में हैरी ब्रूक की टीम ने श्रीलंका को शानदार तरीके से हराया। वहीं, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। ऐसे में आघा सलमान की टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बात जानते हैं।

हेड-टू-हेड

पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा रहा है भारी 

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अब तक 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान इंग्लैंड ने 21 मुकाबले अपने नाम किए हैं। पाकिस्तान को सिर्फ 9 मुकाबलों में जीत मिली है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए हैं, इन सभी मुकाबलों में इंग्लैंड को जीत मिली है। साल 2022 के टी-20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था।

प्लेइंग इलेवन

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है पाकिस्तान 

पाकिस्तान की टीम प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव कर सकती है। अबरार अहमद और शाहीन अफरीदी को मौका मिलना मुश्किल लग रहा है। अफरीदी की जगह तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा खेलते हुए नजर आ सकते हैं, जबकि फखर जमान टीम में वापसी कर सकते हैं। संभावित एकादश: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, आघा सलमान (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा और उस्मान तारीक।

Advertisement

संयोजन

इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है इंग्लैंड की टीम 

इंग्लैंड ने श्रीलंका को अपने आखिरी मैच में 51 रन से हराया था। ऐसे में टीम अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि, बल्लेबाजों को पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। खासकर जोस बटलर इस मुकाबले में अपना खोया हुआ फॉर्म वापस पा सकते हैं। संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम कर्रन, विल जैक्स, जैमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद।

Advertisement

पिच

कैसा रहेगा पिच का मिजाज? 

पल्लेकेले स्टेडियम की पिच आमतौर पर काफी संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंद से गेंदबाजों को जरूर मदद मिलेगी। हालांकि, नजरें जमने के बाद बल्लेबाज बड़ी पारी खेल सकते हैं और बड़े-बड़े शॉट्स लगा सकते हैं। खेल के आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी होती जाती है और स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन रहा है और 170 से ज्यादा रन का लक्ष्य भी चेज हुआ है।

जानकारी

कैसा रहेगा मौसम?

एक्यूवेदर के अनुसार, 24 फरवरी को कैंडी में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 15 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच के दौरान बारिश का थोड़ा खलल पड़ सकता है।

नजर

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें 

सॉल्ट ने पिछली 9 पारियों में 31.88 की औसत से 255 रन बनाए हैं। ब्रूक के बल्ले से पिछली 10 पारियों में 236 रन निकले हैं। वहीं, पाकिस्तान के लिए फरहान ने पिछली 9 पारियों में 285 रन बनाए हैं। इंग्लैंड से राशिद ने पिछले 9 मैचों में 17 विकेट चटकाए हैं। डॉसन ने पिछले 9 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। नवाज के खाते में पिछले 9 मुकाबलों में 7.03 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट आए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो-हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement