Loading...
BWF विश्व चैंपियनशिप: बंदरों के लिए लंगूर की आवाज निकालेंगे शख्स, पीवी सिंधु ने की तारिफ
पीवी सिंधु इस टूर्नामेंट में खेलती हुई नजर आएंगी (फाइल तस्वीर)

BWF विश्व चैंपियनशिप: बंदरों के लिए लंगूर की आवाज निकालेंगे शख्स, पीवी सिंधु ने की तारिफ

Aug 11, 2026
03:38 pm

क्या है खबर?

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक BWF विश्व चैंपियनशिप होना है। इस दौरान बंदरों को दूर रखने के लिए आयोजकों ने अनोखा इंतजाम किया है। दर्शकों के पास बंदरों और अन्य जानवरों को आने से रोकने के लिए लंगूर की नकल करने वाले विशेषज्ञ कलाकारों को तैनात किया गया है। जनवरी में इंडियन ओपन के दौरान बंदरों ने खलल डाला था। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इस अनोखे इंतजाम की सराहना की है।

बयान

सिंधु ने कही ये बात 

सिंधु ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए इस अनोखे इंतजाम की सराहना की।

उन्होंने लिखा, 'लोग इस समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन प्रयास की सराहना करनी चाहिए। भारत को दुनिया के स्वागत के लिए तैयार करने में पर्दे के पीछे कई लोग काम कर रहे हैं। समाधान भले ही खास भारतीय हो, लेकिन भारत की गर्मजोशी, भावना और मेहमाननवाजी भी उतनी ही खास है।'

उन्होंने दिल्ली में बैडमिंटन जगत के स्वागत को लेकर उत्साह भी जताया।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें बंदरों को भगाने वालों का वीडियो 

ADVERTISEMENT

राष्ट्रमंडल

साल 2010 के राष्ट्रमंडल खेल के दौरान लाल लंगूरों को तैनात किया गया था 

भारत ने 2010 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल के दौरान भी बंदरों को दूर रखने के लिए इसी तरह का इंतजाम किया था।

उस समय लाल लंगूरों को तैनात किया गया था, ताकि बंदरों को आयोजन स्थल से दूर रखा जा सके।

हालांकि, बाद में वास्तविक जानवरों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। साल 2012 में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत ऐसे आयोजनों में असली जानवरों के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया गया।

ADVERTISEMENT

टूर्नामेंट

17 साल बाद भारत में हो रहा है टूर्नामेंट 

भारत 17 साल बाद BWF विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है और घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर शानदार प्रदर्शन करना चाहेगा।

भारतीय दल की अगुआई सिंधु, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और लक्ष्य सेन करेंगे।

पुरुष एकल के पहले दौर में आयुष शेट्टी का सामना चीन के शीर्ष वरीय शी यू ची से होगा।

महिला एकल में सिंधु के अलावा उन्नति हुड्डा भारत की चुनौती पेश करेंगी। नौवीं वरीय सिंधु पहले दौर में सोफिया नोबल से भिड़ेंगी।

खिलाड़ी

ये खिलाड़ी भी उतरेंगे मैदान में 

महिला युगल में त्रीसा जॉली/गायत्री गोपीचंद और कविप्रिया सेल्वम/सिमरन सिंघी की जोड़ी खेलेगी।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला/तनिषा क्रास्टो और रोहन कपूर/रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी मैदान में होगी।

ध्रुव कपिला/तनिषा क्रास्टो को पहले दौर में बाई मिली है।

पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन/एमआर अर्जुन की जोड़ी के अलावा सात्विकसाईराज/चिराग शेट्टी भी चुनौती पेश करेंगे। सात्विक और चिराग को भी पहले दौर में बाई मिली है।

ADVERTISEMENT