LOADING...
BWF विश्व चैंपियनशिप 2023: सात्विक-चिराग का सफर हुआ समाप्त, क्वार्टर फाइनल में मिली शिकस्त
सात्विक-चिराग का विश्व चैंपियनशिप में सफर हुआ समाप्त (तस्वीर:X/Media_SAI)

BWF विश्व चैंपियनशिप 2023: सात्विक-चिराग का सफर हुआ समाप्त, क्वार्टर फाइनल में मिली शिकस्त

Aug 25, 2023
09:55 pm

क्या है खबर?

भारत की सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की दूसरे नंबर की पुरुष युगल जोड़ी शुक्रवार को BWF विश्व चैंपियनशिप से बाहर हो गई। क्वार्टर फाइनल में उन्हें डेनमार्क के एंडर्स रासमुसेन और किम एस्ट्रुप ने 48 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-18, 21-19 से हरा दिया। सात्विक-चिराग की जोड़ी इस खिताब के लिए प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

एस्ट्रुप-रासमुसेन की जोड़ी ने सात्विक-चिराग के खिलाफ दर्ज की अपनी छठी जीत 

एस्ट्रुप और रासमुसेन की युगल जोड़ी ने सात्विक और चिराग के खिलाफ अपनी छठी जीत दर्ज करते हुए मजबूत बढ़त ले ली है। बता दें कि भारतीय जोड़ी ने डेनमार्क की इस जोड़ी के खिलाफ सिर्फ 2 मैच जीते हैं। सात्विक-चिराग को पिछली बार इनके खिलाफ 2021 में हुए BWF वर्ल्ड टूर फाइनल में हार मिली थी। हालांकि, उसी साल हुए थॉमस कप में भारतीय जोड़ी ने जीत हासिल की थी।

2023 

इस साल शानदार रहा है सात्विक-चिराग का प्रदर्शन

सात्विक-चिराग का प्रदर्शन इस साल वाकई अद्भुत रहा है, जिसके चलते ये जोड़ी BWF रैंकिंग में दुनिया के दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। इन्होने इस साल स्विस ओपन, इंडोनेशिया ओपन और कोरिया ओपन जैसे 3 प्रमुख खिताब जीते हैं। इन्होने 2023 में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक भी जीता। इस भारतीय युगल जोड़ी ने इस साल 30 मैचों में जीत दर्ज की और 9 मुकाबले हारे हैं।

Advertisement

2022 

BWF विश्व चैंपियनशिप 2023 में सात्विक-चिराग ने जीता था कांस्य 

चिराग-सात्विक की जोड़ी ने पिछले साल BWF चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी, मलेशिया की आरोन चिया और सोह वूह यिक के खिलाफ हार गए थे और उन्हें कांस्य से ही संतोष करना पड़ा था। यह भारत की ओर से विश्व चैंपियनशिप में युगल मुकाबलों में सिर्फ दूसरा पदक था। बता दें इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोन्नप्पा की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया था।

Advertisement

उपलब्धि 

सात्विक-चिराग की जोड़ी ने सभी स्तर की प्रतियोगिताओं में जीते हैं खिताब 

चिराग और सात्विक की बेमिसाल जोड़ी बैडमिंटन में सभी स्तर की प्रतियोगिताओं का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। उन्होंने इस साल जून में इंडोनेशिया ओपन का खिताब अपने नाम करते हुए ये बड़ा कारनामा किया था। वह सुपर-1000 (2023 इंडोनेशिया ओपन), सुपर-750 (2019 फ्रेंच ओपन), सुपर-500 (2022 इंडिया ओपन), सुपर-300 (2023 स्विस ओपन) और सुपर-100 (2018 हैदराबाद) में खिताब जीत चुके हैं।

Advertisement