टी-20 विश्व कप में एक पारी के दौरान सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में बल्लेबाज अक्सर गेंदबाजों पर हावी नजर आते हैं। खासकर टी-20 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी कई बार गेंदबाजों के लिए भारी पड़ जाती है। कई मौके देखने को मिले हैं, जब एक ही पारी में गेंदबाजों ने काफी रन लुटा दिए। दबाव भरे मुकाबलों में बड़े शॉट्स की बरसात के बीच गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई है। ऐसे में आइए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
सौरभ नेत्रवलकर (65 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर USA क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 4 ओवर में 65 रन खर्च कर दिए थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 16.25 की रही। भारतीय बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ 7 चौके और 5 छक्के लगाए थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे। जवाब में USA 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
#2
सनथ जयसूर्या और वरुण चक्रवर्ती (64-64 रन)
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से सनथ जयसूर्या और वरुण चक्रवर्ती हैं। दोनों ने 64-64 रन खर्च किए हैं। जयसूर्या ने साल 2007 के विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन लुटाए थे। उनकी इकॉनमी 16 की रही और श्रीलंका को 33 रन से हार मिली थी। वहीं, वरुण ने 2026 के विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन दिए। उन्हें इस मैच में 1 विकेट मिला, जबकि बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ 7 चौके और 4 छक्के लगाए।
#3
मशरफे मुर्तजा (63 रन)
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मशरफे मुर्तजा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 63 रन खर्च कर दिए थे। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 190/5 का स्कोर बनाया था। अहमद शाहजाद ने 111 रन की पारी खेली थी। बांग्लादेश 140/7 का स्कोर ही बना पाई थी। उसे 50 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#4
रिचर्ड नगारवा (62 रन)
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2026 के टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 4 ओवर में 62 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 15.50 की रही थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256/4 का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 184/6 का स्कोर बना सकी और मुकाबला 72 रन से हार गई।