Page Loader
जन्मदिन विशेष: 33 साल के हुए सूर्यकुमार यादव, जानिए उनके क्रिकेट करियर के रिकॉर्ड्स और आंकड़े
सूर्यकुमार यादव 33 साल के हो गए हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

जन्मदिन विशेष: 33 साल के हुए सूर्यकुमार यादव, जानिए उनके क्रिकेट करियर के रिकॉर्ड्स और आंकड़े

Sep 14, 2023
11:13 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के चमकते सितारे और मिस्टर 360 के नाम से प्रसिद्ध सूर्यकुमार यादव 14 सितंबर को 33 साल के हो गए हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाला यह खिलाड़ी मुंबई के लिए क्रिकेट खेलता है। उनके पिता अशोक कुमार यादव मुंबई के भाभा रिसर्च सेंटर में इंजीनियर हैं। सूर्यकुमार का जन्म साल 1990 में मुंबई में ही हुआ था। ऐसे में आइए उनके रोचक आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

रिकॉर्ड

टी-20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं सूर्यकुमार 

सूर्यकुमार टी-20 क्रिकेट में इस समय दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। वह शीर्ष-10 खिलाड़ियों में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके रेटिंग अंक 889 है। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मोहम्मद रिजवान और तीसरे स्थान पर बाबर आजम हैं। सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 3 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। साल 2022 में उन्हें टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया था। सूर्यकुमार टी-20 क्रिकेट में भारतीय टीम के उपकप्तान भी हैं।

रन

साल 2022 में बनाए सबसे ज्यादा रन 

सूर्यकुमार साल 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 31 मैचों की 31 पारियों में 46.56 की औसत और 187.43 की स्ट्राइक रेट से 1,164 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा था और उन्होंने 2 शतक और 9 अर्धशतक लगाए थे। सूर्यकुमार पिछले साल 6 बार नाबाद रहे थे। उन्होंने पूरे साल 106 चौके और 68 छक्के जड़े थे। दूसरे स्थान पर रिजवान (996) थे।

करियर

कैसा रहा है सूर्यकुमार का अंतरराष्ट्रीय करियर?

सूर्यकुमार ने 53 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 50 पारियों में 46.02 की औसत और 172.70 की स्ट्राइक रेट से 1,841 रन बनाए हैं। उन्होंने 14 मार्च, 2021 को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अहमदाबाद में टी-20 डेब्यू किया था। 1 टेस्ट की 1 पारी में उन्होंने 8 रन बनाए हैं। इसके अलावा 26 एकदिवसीय की 24 पारियों में उन्होंने 24.33 की औसत और 101.38 की स्ट्राइक रेट से 511 रन बनाए हैं। एकदिवसीय में उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं।

साल

साल 2010 में खेला था पहला रणजी मैच 

सूर्यकुमार ने 20 साल की उम्र में साल 2010 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उस मैच में उनके साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी थे। सूर्यकुमार ने 73 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद अगले ही साल 2011-12 के रणजी सीजन में 754 रन जड़कर मुंबई की टीम में अपनी जगह पक्की कर ली थी। इसके बाद लगातार घरेलू क्रिकेट में रन बनाते रहे। लगभग 10 साल की मेहनत के बाद उन्हें टीम में जगह मिली।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

सूर्यकुमार ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 172.70 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। ये दुनिया में किसी भी खिलाड़ी (जिन्होंने कम से कम 250 गेंद खेली हों) के लिए सबसे ज्यादा है। दूसरे स्थान पर रोमानिया क्रिकेट टीम के तरनजीत सिंह (171.21) हैं।