टी-20 विश्व कप इतिहास में बतौर कप्तान किए गए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों पर नजर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत में 7 दिन बचे हैं। इससे पहले हुए इस प्रारूप के 9 विश्व कप संस्करणों में कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं। इस प्रारूप में अमूमन बल्लेबाजों को बोलबाला रहता है, लेकिन कई अवसर पर गेंदबाजों ने भी अपनी छाप छोड़ी है। इनमें कई कप्तानों ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख पलटा है। ऐसे में आई टी-20 विश्व कप इतिहास में बतौर कप्तान किए गए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों पर नजर डालते हैं।
#1
राशिद खान - 4/17 बनाम न्यूजीलैंड, 2024
टी-20 विश्व कप इतिहास में बतौर कप्तान सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान के नाम है। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4/17 के आंकड़े दर्ज कर टीम को पहली जीत दिलाई थी। अफगान टीम ने 159 रनों का बचाव करते हुए कीवी टीम को 75 रनों पर ऑलआउट कर दिया था। राशिद ने कुल 16 डॉट गेंदें फेंकी थी। राशिद टूर्नामेंट में 2 बार 4 विकेट लेने वाले एकमात्र कप्तान हैं।
#2
डेनियल विटोरी - 4/20 बनाम भारत, 2007
सूची में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी दूसरे नंबर पर हैं। वह टी-20 विश्व कप में 4 विकेट लेने वाले पहले कप्तान बने थे। उन्होंने पहले संस्करण में भारत के खिलाफ यह कारनामा किया था। बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर ने 20 रन देकर 4 विकेट लिए और कीवी टीम ने 190 रनों का बचाव करते हुए भारत को 180/9 पर रोक दिया। भारत की 76 रनों की सलामी साझेदारी के बाद विटोरी ने मैच में अपनी छाप छोड़ी।
#3
स्टुअर्ट ब्रॉड - 3/24 बनाम नीदरलैंड्स, 2014
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टुअर्ट ब्रॉड इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं। वह एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने टी-20 विश्व कप मैच में 3 विकेट लिए हैं। टूर्नामेंट में तेज गेंदबाज कप्तान के तौर पर उनका गेंदबाजी रिकॉर्ड सर्वश्रेष्ठ है। पूर्व इंग्लिश गेंदबाज ने टी-20 विश्व कप 2014 में चटगांव में नीदरलैंड्स के खिलाफ 3/24 के आंकड़े दर्ज किए थे। हालांकि, उस मैच में इंग्लैंड को डच टीम से 45 रनों की शर्मनाम हार का सामना करना पड़ा था।