LOADING...
ISL 2019-20: होम स्टेडियम बदल सकती है बेंगलुरु, अहमदाबाद या पुणे बन सकता है नया घर

ISL 2019-20: होम स्टेडियम बदल सकती है बेंगलुरु, अहमदाबाद या पुणे बन सकता है नया घर

लेखन Neeraj Pandey
Sep 16, 2019
05:56 pm

क्या है खबर?

इंडियन सुपर लीग (ISL) की डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु FC के लिए नया सीजन शुरु होने से पहले ही मुश्किल आ गई है। दरअसल बेंगलुरु होम स्टेडियम को लेकर मुश्किलों का सामना कर रही है। अब तक बेंगलुरु अपने होम स्टेडियम के रूप में श्री कंतीरवा स्टेडियम का इस्तेमाल करती थी, लेकिन इस बार उन्हें इस स्टेडियम का इस्तेमाल करने से वंचित होना पड़ सकता है। बेंगलुरु इस सीजन अहमदाबाद या फिर पुणे को अपना होम बना सकती है।

आदेश

अक्टूबर 2019 तक ही मिला था आदेश

2015 से ही बेंगलुरु अपने होम स्टेडियम के तौर कंतीरवा स्टेडियम का इस्तेमाल करती आ रही है। हालांकि, 2017 में कई एथलीट्स ने शिकायत की थी बेंगलुरु की उपस्थिति के कारण उनकी ट्रेनिंग में मुश्किलें आ रही हैं। इसके बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने एक इन्क्वायरी कराई थी जिसके तहत बेंगलुरु को अक्टूबर 2019 तक स्टेडियम का इस्तेमाल करने की इजाजत मिली थी।

होम स्टेडियम

ISL के लिए बेंगलुरु को रजिस्टर करना है होम स्टेडियम

अक्टूबर में शुरु हो रही ISL के लिए बेंगलुरु को अपना होम स्टेडियम रजिस्टर करना है जिसके लिए उनके पास लगभग एक हफ्ते का समय है। भले ही वे अच्छी खबर आने के लिए आशावान हैं, लेकिन उन्हें होम स्टेडियम रजिस्टर करने के लिए अंतिम दिन का भी डर सता रहा है। क्लब के CEO मंदार तम्हाने ने कहा, "जब तक हमें पता नहीं चल जाता कि क्या चल रहा है हम कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं।"

घर

अहमदाबाद या पुणे बन सकते हैं बेंगलुरु का घर

ISL के अलावा बेंगलुरु को AFC कप में भी खेलना है और इसी कारण उन्हें ऐसा स्टेडियम चाहिए जो AFC के मापदंडो को पूरा कर सके। इस कड़ी में बेंगलुरु, अहमदाबाद या फिर पुणे को अपना होम बनाने पर विचार कर सकता है। तम्हाने ने कहा, "हमें AFC कप में भी खेलना है और उसे दिमाग में रखते हुए अहमदाबाद या पुणे सटीक विकल्प दिखाई दे रहे हैं।"

घाटा

बेंगलुरु छोड़ना हो सकता है बड़ा घाटा

बेंगलुरु FC के लिए अपना घर छोड़ना बड़ा घाटा हो सकता है क्योंकि उसके खिलाड़ियों और फैंस का कनेक्शन यहां काफी अच्छा है। यदि टीम बाहर खेलती है तो उन पर आर्थिक के साथ ही साइकोलॉजिकल प्रभाव भी पड़ेगा। कंतीरवा में बेंगलुरु का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और अपने फोर्टेस से बाहर खेलने का प्रभाव टीम के खेल पर भी दिखाई दे सकता है।