लॉर्ड्स में जीत के बाद नाइटक्लब विवाद में फंसे बेन स्टोक्स, क्या जाएगी इंग्लैंड की कप्तानी?
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, हाल ही में सम्पन्न हुए लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद इंग्लिश कप्तान स्टोक्स अपने साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन के साथ लंदन के नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां लड़ाई हो गई थी। यह इंग्लैंड की टीम के नियमों का उल्लंघन है और इस मामले में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी जांच शुरू कर दी है। आइए इस विवाद को विस्तार से समझते हैं।
रिपोर्ट
दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं स्टोक्स और एटकिंसन
यह घटना लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर 115 रनों से जीत के बाद हुई। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, मामला इतना गंभीर है कि स्टोक्स कप्तान के तौर पर अपने भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। ECB ने पुष्टि की है कि जांच जारी रहने के दौरान दोनों खिलाड़ियों के 17 जून से ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर रहने की संभावना है।
रिपोर्ट
नाइट क्लब में एटकिंसन से भिड़ा एक रग्बी का खिलाड़ी
खबर है कि लंदन के उस नाइट क्लब की घटना में 'सारासेन्स रग्बी क्लब' के खिलाड़ी शामिल थे, जो अपने सीजन के आखिर के जश्न के लिए वहां थे। यहां एटकिंसन और रग्बी के एक एकेडमी खिलाड़ी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। खबरों के अनुसार इस विवाद के बाद लड़ाई हो गई, जिसमें ECB के सुरक्षाकर्मी को चोट लगी है। इस घटना के बाद ECB ने बयान जारी किया है।
ECB
मैदान से बाहर खिलाड़ियों की हरकतों से ECB की होती रही है आलोचना
ऑस्ट्रेलिया के दौरे के बाद से खिलाड़ियों और स्टाफ को आधी रात के बाद से मैदान से बाहर जाने के लिए नियम बनाए गए थे। इस हालिया विवाद से बोर्ड को और भी शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है। इंग्लैंड के टेस्ट उप-कप्तान हैरी ब्रूक पर देर रात एक बाउंसर के साथ हुई घटना के बाद जुर्माना लगाया गया और उन्हें फटकार लगाई गई थी। वहीं, बेन डकेट को सीरीज के बीच नशे की हालत में देखा गया था।
स्टोक्स
पहले भी विवाद में रह चुके हैं स्टोक्स
यह कोई पहली ऐसी घटना नहीं है, जब स्टोक्स मैदान के बाहर विवाद में रहे हों। वह 2017 में ब्रिस्टल में एक वनडे मैच के बाद देर रात सड़क पर लड़ाई करते हुए दिखे थे। उन्हें मारपीट के आरोप से तो बरी कर दिया गया, लेकिन ECB के क्रिकेट अनुशासन आयोग ने खेल की बदनामी करने के लिए उन पर जुर्माना लगाया था। तब उन्हें एशेज सीरीज 2017-18 से बाहर कर दिया गया था।