सूर्यकुमार यादव की जा सकती है टी-20 कप्तानी, टीम में जगह मिलना भी मुश्किल- रिपोर्ट
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 की जीत के करीब 3 महीने बाद भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जल्द ही भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया जा सकता है और उन्हें अभी टीम में जगह मिलना भी मुश्किल माना जा रहा है। यह फैसला आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले लिया जा सकता है, जहां भारत को कुल 7 टी-20 मैच खेलने हैं।
बयान
कोच गौतम गंभीर से चर्चा के बाद लिया फैसला
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), चयन समिति और टीम प्रबंधन ने कोच गौतम गंभीर से चर्चा के बाद यह फैसला किया। एक अधिकारी ने कहा, "चयन समिति, BCCI और टीम प्रबंधन ने कोच गंभीर के साथ परामर्श में निर्णय लिया कि भारत को अब नए कप्तान के साथ जाना चाहिए। सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम ने टी-20 विश्व कप जीता, लेकिन उनकी फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखते हुए, अब आगे बढ़ने का समय है।"
जानकारी
टीम में भी जगह मिलना मुश्किल
टी-20 विश्व कप 2024 के बाद कप्तान बने सूर्यकुमार को फिलहाल टीम में भी नहीं चुना जाएगा। अधिकारी ने कहा, "उन्हें चयन के लिए विचार नहीं किया जाएगा और यह निर्णय जल्द ही सूर्यकुमार को बताया जाएगा।"
आंकड़े
खराब फॉर्म बना बड़ा कारण
सूर्यकुमार की बल्लेबाजी फॉर्म पिछले 2 साल से चिंता का विषय रही है। भारत को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने के बावजूद बल्ले से उनका प्रदर्शन संघर्षपूर्ण रहा। भारत के पहले मैच में लगाए गए एक अर्धशतक को छोड़कर वह कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भी उन्होंने 13 पारियों में केवल 270 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 20.76 का रहा। IPL 2025 में उन्होंने 717 रन बनाए थे।