LOADING...
रणजी ट्रॉफी में पहली बार अंपायरिंग करेंगी महिलाएं, BCCI ने किया अहम फैसला
रणजी ट्रॉफी में पहली बार अंपायरिंग करेंगी महिलाएं (तस्वीर: टि्वटर/@DhanrajNathwani)

रणजी ट्रॉफी में पहली बार अंपायरिंग करेंगी महिलाएं, BCCI ने किया अहम फैसला

Dec 06, 2022
05:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में बड़ा बदलाव किया है। BCCI ने रणजी ट्रॉफी के लिए गठित किए अंपायरिंग पैनल में 3 महिलाओं को शामिल किया है। ऐसे में इस ट्रॉफी के 88 साल के इतिहास में पहली बार महिलाएं मैदान पर अंपायरिंग करती नजर आएंगी। 13 दिसंबर से शुरू हो रही रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई की वृंदा राठी, चेन्नई की जननी नारायण और गायत्री वेणुगोपालन को अंपायरिंग पैनल में शामिल किया है।

महिला अंपायर

कौन है अंपायरिंग पैनल में शामिल तीनों महिलाएं?

वृंदा राठी मुंबई की रहने वाली हैं। वह पहले स्कोरर थीं, लेकिन न्यूजीलैंड की अंतरराष्ट्रीय अंपायर कैथी क्रोस से मिलने के बाद उन्होंने अंपायरिंग करने का फैसला किया था। जननी नारायण चेन्नई की रहने वाली हैं। उन्होंने अंपायर बनने के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियर की अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी। जननी की तरह गायत्री वेणुगोपालन भी चेन्नई की रहने वाली हैं। वह पहले क्रिकेटर बनना चाहती थीं, लेकिन कंधे की चोट के कारण वो क्रिकेटर नहीं बन पाईं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड

महिला IPL भी आयोजित करेगा BCCI

महिलाओं की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मार्च 2023 में एक महीने की विंडो में शुरू की जाएगी और इसमें पांच टीमें खेलेंगी। BCCI ने टूर्नामेंट के लिए मार्च की विंडो को सही माना है, जो दक्षिण अफ्रीका में होने वाले महिला टी-20 विश्व कप के बाद का समय है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, महिला IPL में 160-170 भारतीय महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इसी तरह 30 से 40 विदेशी महिला खिलाड़ी भी इस लीग में शामिल होंगी।

Advertisement

रणजी ट्रॉफी

कैसे बनता है अंपायर्स का पैनल?

वर्तमान में BCCI के पैनल में 150 अंपायर्स हैं और इनमें से 90 अंपायर्स को ट्रॉफी के मैचों में तैनात किया जाता है। एक मैच में 100 रेटिंग पॉइंट होते हैं। हर गलत फैसले पर 5 पॉइंट काटे जाते हैं। वाइड और नो बॉल की गलती पर एक-एक पॉइंट कटता हैं। इन्हीं के आधार पर रैंकिंग बनती है। मैच के बाद मार्किंग होती है। कुछ पॉइंट मैच प्रबंधन, विवाद से निपटने के तरीकों के भी होते हैं।

Advertisement

रणजी ट्रॉफी- 2022

सूर्यकुमार यादव भी खेलेंगे रणजी ट्रॉफी

2022 में टी-20 क्रिकेट में शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव अब रणजी ट्रॉफी खेलते नजर आएंगे। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार आगामी 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में मुंबई के लिए खेलते नजर आएंगे। बांग्लादेश दौरे पर आराम कर रहे सूर्यकुमार हैदराबाद के खिलाफ दूसरे राउंड के मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। वो मुंबई टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे होंगे।

Advertisement