Page Loader
IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 75+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज 
कोहली ने 22 बार खेलीं हैं 75+ की पारियां (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 75+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज 

Apr 06, 2025
05:08 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता रहा है। विश्व भर के बल्लेबाज इस चुनौतीपूर्ण लीग में अपना नाम स्थापित करा चुके हैं। किसी भी टी-20 मैच में अर्धशतक या शतक को बल्लेबाज की उपलब्धि के तौर पर देखा जाता है। किसी भी खिलाड़ी के आंकड़ों से उसकी काबिलियत का आकलन होता है। इस बीच IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 75+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

क्रिस गेल (23 बार)

क्रिस गेल ने अपने IPL करियर में 6 शतक और 21 अर्धशतक लगाए थे। इस बीच उन्होंने 23 पारियों में 75+ के स्कोर किए थे। वह आमतौर पर बड़ी और आक्रामक पारी खेलने के लिए मशहूर थे। गेल ने अपने IPL करियर का अंत 141 पारियों में 39.72 की औसत और 148.96 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,965 रन बनाकर किया था। वह आखिरी बार IPL 2021 में खेलते हुए नजर आए थे।

#2 

विराट कोहली (22 बार)

IPL के अब तक के इतिहास में विराट कोहली इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 8,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक के करियर में 38.76 की औसत और 132.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,101 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 113* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 8 शतक और 56 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने लीग में अब तक 22 पारियों में 75 या उससे अधिक रन बनाए हैं।

#3 

डेविड वार्नर (19 बार)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज डेविड वार्नर का IPL करियर उपलब्धियों भरा रहा था। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शुमार रहे हैं। वार्नर ने IPL में 184 मैच खेले, जिसमें 40.52 की उम्दा औसत और 139.77 की स्ट्राइक रेट के साथ 6,565 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 4 शतक और 62 अर्धशतक लगाए थे। इस बीच उन्होंने 19 पारियों में 75+ के स्कोर किए थे।

#4 

केएल राहुल (17 बार)

केएल राहुल IPL में 17 पारियों में 75 या उससे अधिक रन के स्कोर कर चुके हैं। वह मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) से खेल रहे हैं। राहुल ने अपने IPL करियर में अब तक 134 मैचों में 45.47 की औसत और 135.07 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,775 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 132* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं।