IPL के इतिहास में MI की ओर से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भले ही मुंबई इंडियंस (MI) की टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया हो, लेकिन उनके कुछ बल्लेबाजों ने शतक लगाने में सफलता हासिल की है। क्विंटन डिकॉक और तिलक वर्मा के बाद अब रयान रिकेल्टन ने भी इस सीजन में शतकीय पारी खेली। इस बीच रिकेल्टन IPL में MI की ओर से सर्वोच्च पारी खेलने वाले खिलाड़ी बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
रयान रिकेल्टन (123 बनाम SRH, 2026)
SRH के खिलाफ मैच में रिकेल्टन ने 44 गेंदों में शतक लगाया। यह उनके IPL करियर का पहला ही शतक साबित हुआ वह 55 गेंदों में 123 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए। वह MI की ओर से गेंदों के लिहाज से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। इसके बावजूद MI को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।
#2
सनथ जयसूर्या (114 रन बनाम CSK, 2008)
MI के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने IPL 2008 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ सिर्फ 45 गेंदों में शतक जड़ा था। वह उस मैच में 48 गेंदों में 114 रन बनाकर आउट हुए थे। उनके बल्ले से 9 चौके और 11 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 237.50 की रही थी। जयसूर्या के शतक की मदद से उस मुकाबले में MI को 9 विकेट से जीत मिली थी।
#3
क्विंटन डिकॉक (112 रन बनाम PBKS, 2026)
IPL 2026 के 24वें मैच में क्विंटन डिकॉक ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाया था। यह उनके IPL करियर का कुल तीसरा शतक साबित हुआ, जिसे उन्होंने 53 गेंदों में पूरा किया। वह 60 गेंदों में 186.67 की स्ट्राइक रेट के साथ 112 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले। हालांकि, उनके शतक के बावजूद MI को इस मैच में हार मिली थी।
#4
रोहित शर्मा (109 रन बनाम KKR, 2012)
IPL 2012 के 58वें मुकाबले में MI के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 109* रन की पारी खेली थी। MI ने उस मुकाबले में 182/1 का स्कोर बनाया था। रोहित नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए थे और 60 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 181.66 की रही थी। आखिरकार MI ने 27 रन से वो मुकाबला जीता था।