Page Loader
पहला टेस्ट: बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका की कुल बढ़त 200 के पार, ऐसा रहा दूसरा दिन
श्रीलंका की कुल बढ़त 200 के पार (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

पहला टेस्ट: बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका की कुल बढ़त 200 के पार, ऐसा रहा दूसरा दिन

Mar 23, 2024
05:19 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपनी दूसरी पारी में दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक 119/5 का स्कोर बनाया है। सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में श्रीलंका की कुल बढ़त अब 211 रन की हो गई है। फिलहाल क्रीज पर कप्तान धनंजय डी सिल्वा (23*) और विश्वा फर्नांडो (2) बने हुए हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

बांग्लादेश

पहली पारी के आधार पर पिछड़ी बांग्लादेशी टीम

कल के स्कोर 32/3 से आगे खेलने उतरी बांग्लादेशी टीम को आज महमूदुल हसन जॉय के रूप में पहला झटका लगा। वह 12 रन बनाकर 53 के टीम स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद बांग्लादेश ने निरंतर अंतराल पर अपने विकेट गंवाए। इस बीच तैजुल इस्लाम ने 47 रन की पारी खेली। बांग्लादेश की पारी 188 रन पर सिमट गई। इससे पहले श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 280 रन बनाए थे।

फर्नांडो

विश्वा फर्नांडो ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 

श्रीलंका फर्नांडों ने 11 रन के कुल स्कोर पर बांग्लादेश को जाकिर हसन (9) के रूप में पहला झटका दिया और पारी में अपने विकेटों का खाता भी खोला। इसके बाद उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए विपक्षी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (5), शोरीफुल इस्लाम (15) और खालिद अहमद (22) को भी एक के बाद एक अपना शिकार बनाते हुए पवेलियन की राह दिखाई। फर्नांडों ने 15.3 ओवर में 48 रन खर्च करते हुए ये 4 विकेट चटकाए।

श्रीलंका

श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में गंवाए 5 विकेट 

श्रीलंका को अपनी दूसरी पारी में 19 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। पारी की शुरुआत करने आए निशान मदुश्का 10 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कुसल मेंडिस (3), एंजेलो मैथ्यूज (22) और दिनेश चांदीमल (0) भी सस्ते में चलते बने। श्रीलंकाई टीम ने 64 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में दिमुथ करुणारत्ने ने 52 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया।

करुणारत्ने 

करुणारत्ने ने बांग्लादेश के खिलाफ पूरे किए 1,000 रन 

करुणारत्ने ने अपने टेस्ट करियर का 36वां अर्धशतक लगाया। वह 101 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया। इस बीच उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अपने 1,000 रन भी पूरे किए। ये सिर्फ दूसरा ऐसा देश बना है, जिसके विरुद्ध करुणारत्ने ने ये आंकड़ा पार किया है। बता दें कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 1,147 रन बनाए हुए हैं।

जानकारी

करुणारत्ने ने पूरे किए अपने 15,000 प्रथम श्रेणी रन 

करुणारत्ने ने 2008 में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 201 मैचों में लगभग 46 की औसत के साथ 15,000 से अधिक रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 47 शतक और 67 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।