
रंगना हेराथ और एश्वेल प्रिंस बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए
क्या है खबर?
श्रीलंका के पूर्व स्पिनर रंगना हेराथ को बांग्लादेश क्रिकेट टीम का स्पिन गेंदबाजी सलाहकार चुना गया है। वह 2018 में क्रिकेट से संन्यास के बाद पहली बार कोच की भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एश्वेल प्रिंस को टीम का बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शनिवार (26 जून) को इस बारे में जानकारी दी है।
आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।
जिम्मेदारी
जिम्बाब्वे दौरे में अपनी-अपनी भूमिका संभालेंगे हेराथ और प्रिंस
हेराथ जिम्बाब्वे में बांग्लादेश की कोचिंग टीम से जुड़ेंगे और इस साल होने वाले ICC टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश के अभियान के अंत तक इस भूमिका में रहेंगे।
दूसरी तरफ प्रिंस जिम्बाब्वे दौरे के लिए बांग्लादेश के बल्लेबाजों के साथ काम करेंगे।
बता दें बांग्लादेश को इकलौते टेस्ट, वनडे और टी-20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करना है। यह सभी मुकाबले 7 से 27 जुलाई के बीच खेले जाएंगे।
जानकारी
विटोरी की जगह लेंगे हेराथ
हेराथ बांग्लादेश के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में डेनियल विटोरी की जगह लेने के लिए प्रबल दावेदार चल रहे थे।
विटोरी के पद छोड़ने के बाद से अंतरिम कोच के रूप में सोहेल इस्लाम टीम के साथ थे। इस्लाम टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। अब उनकी जगह हेराथ नई जिम्मेदारी में नजर आएंगे।
दूसरी तरफ जॉन लुईस के स्थान पर एश्वेल प्रिंस नई भूमिका निभाते हुए दिखेंगे।
बयान
कम समय के लिए हुई है कोच की नियुक्ति- अकरम
BCB क्रिकेट ऑपरेशन के अध्यक्ष अकरम खान ने संवाददाताओं से कहा, "इस समय, कोविड के कारण कोच मिलना बहुत मुश्किल है, इसलिए हमने उन्हें कम समय के लिए चुना है और अगर हम उन्हें संतोषजनक पाते हैं, तो हम उनके साथ बने रहेंगे। प्रिंस एक अच्छे बल्लेबाज थे और हमने उन्हें अपने सेट-अप में शामिल करने से पहले अपने मुख्य कोच (डोमिंगो) से बात की है।
जानकारी
लेवल 3 के कोच हैं प्रिंस और हेराथ
43 वर्षीय हेराथ, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल बाएं हाथ के स्पिनर हैं, जिन्होंने अपने शानदार करियर में 433 विकेट लिए हैं। वह ICC लेवल-3 के कोच हैं।
वहीं प्रिंस ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से तीनों प्रारूपों में 119 मैच खेले हैं और वह भी लेवल-3 के कोच हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के लिए बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में काम किया है और अंतरिम कोच भी रह चुके हैं।
क्या आप जानते हैं?
बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ में तीसरे दक्षिण अफ्रीकी होंगे प्रिंस
प्रिंस अब बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ में दक्षिण अफ्रीका के तीसरे शख्स होंगे। बता दें बांग्लादेश के मुख्य कोच रसेल डोमिंगो और फील्डिंग कोच रयान कुक के रूप में दक्षिण अफ्रीकी मौजूद हैं।