LOADING...
बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में पाकिस्तान को हराया, 2-1 से जीती सीरीज 
बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में पाकिस्तान को हराया (तस्वीर: एक्स/@BCBtigers)

बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में पाकिस्तान को हराया, 2-1 से जीती सीरीज 

Mar 15, 2026
10:15 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने सीरीज के तीसरे वनडे में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 11 रन से हराते हुए सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। ढाका में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 290/5 का स्कोर बनाया, जिसमें तंजीद हसन तमीम का शतक (107) शामिल रहा। जवाब में पाकिस्तानी टीम सलमान आगा के शतक (106) के बावजूद सभी विकेट खोकर 279 रन ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती बांग्लादेशी टीम 

बांग्लादेश से सैफ हसन (36) और तंजीद की सलामी जोड़ी ने मिलकर 105 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद तंजीद ने शतक लगाया। उनके अलावा लिटन दास (41) और तौहीद हृदय (48*) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पाकिस्तान ने सिर्फ 17 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद भी पाकिस्तान ने निरंतर विकेट गंवाए। इसके बाद सलमान और कप्तान शाहीन अफरीदी (37) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

शतक 

तंजीद ने वनडे में अपना पहला शतक लगाया 

ढाका में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम से तंजीद ने उम्दा बल्लेबाजी की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने डटकर बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 25 वर्षीय इस सलामी बल्लेबाज ने नजमुल हुसैन शांतो (27) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। उन्होंने 98 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 107 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

आंकड़े 

तंजीद ने लिस्ट-A क्रिकेट में 3,000 रन पूरे किए

तंजीद ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान लिस्ट-A क्रिकेट में अपने 3,000 रन पूरे किए। उन्होंने अब तक 108 मैच खेले हैं, इसकी 106 पारियों में 3,050 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 25 मैच खेले हैं, इसकी 75 पारियों में उन्होंने 40.72 की औसत के साथ 1,792 रन बनाए हैं।

Advertisement

सलमान 

सलमान आगा ने वनडे में अपना तीसरा शतक लगाया 

जीत के लिए मिले 291 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने जब 67 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब सलमान क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर से संघर्ष जारी रखा और 60 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ढाका के मैदान पर डटकर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 89 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 98 गेंदों में 106 रन बनाकर आउट हुए।

गेंदबाजी 

तस्कीन अहमद ने लिए 4 विकेट 

बांग्लादेश से तस्कीन अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 10 ओवर में 49 रन देते हुए 4 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन भी किए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान ने अपने 10 ओवर के कोटे में 3 सफलताएं हासिल की। अपनी तेज गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले नाहिद राणा ने 49 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। कप्तान मेहदी हसन मिराज कोई विकेट नहीं ले सके।

Advertisement