बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान: सलमान आगा ने वनडे में अपना तीसरा शतक लगाया
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सलमान आगा ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का कुल तीसरा और बांग्लादेश के विरुद्ध पहला शतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने साद मसूद के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। उनकी पारी के बावजूद पाकिस्तान को मैच में 11 रन से हार मिली। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
संघर्षपूर्ण रही सलमान की पारी
जीत के लिए मिले 291 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने जब 67 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब सलमान क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर से संघर्ष जारी रखा और 60 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ढाका के मैदान पर डटकर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 89 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
आंकड़े
ऐसा है सलमान आगा का वनडे करियर
सलमान ने 2022 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 50 मैचों की 42 पारियों में 1,500 से अधिक रन बनाए। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं। वनडे प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 134 रन रहा है। वनडे में सलमान इससे पहले श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी 1-1 शतक जड़ चुके हैं।
जानकारी
बांग्लादेश के खिलाफ सलमान के आंकड़े
बांग्लादेश के खिलाफ सलमान ने 5 मैच खेले हैं, इसकी 4 पारियों में उन्होंने 187 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाए हैं।
लेखा-जोखा
रोमांचक मैच में हारी पाकिस्तानी टीम
बांग्लादेश से सैफ हसन (36) और तंजीद की सलामी जोड़ी ने मिलकर 105 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद तंजीद ने शतक लगाया। उनके अलावा लिटन (41) और तौहीद हृदय (48*) ने टीम को 290/5 तक पहुंचाया। जवाब में पाकिस्तान ने सिर्फ 17 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद भी पाकिस्तान ने निरंतर विकेट गंवाए। इसके बाद सलमान (106) और कप्तान शाहीन अफरीदी (37) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।