ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026: एलिना रयबाकिना ने पहली बार जीता खिताब, नंबर-1 खिलाड़ी एरिना सबालेंका को हराया
क्या है खबर?
कजाकिस्तान की टेनिस खिलाड़ी एलिना रयबाकिना ने ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीत लिया है। महिला एकल वर्ग के फाइनल में उन्होंने बेलारूस की एरिना सबालेंका को 3 सेट तक चले मुकाबले में हरा दिया। रयबाकिना ने खिताबी मुकाबला 6-4, 4-6 और 6-4 से अपने नाम किया। इस खिलाड़ी ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता है। फाइनल में शिकस्त झेलने वाली सबालेंका दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी हैं और वह दो बार (2023, 2024) यह खिताब जीत चुकी हैं।
जीत
रयबाकिना के सफर पर एक नजर
रयबाकिना ने अपना सेमीफाइनल मुकाबला जेसिका पेगुला के खिलाफ 6-3, 7-6 से जीता था। क्वार्टर फाइनल में उनको इगा स्वियातेक के खिलाफ 7-5, 6-1 से शानदार जीत मिली थी। चौथे राउंड में उन्होंने जर्मनी की एलिस मर्टेंस को आसानी से 6-1, 6-3 से हरा दिया था। तीसरे राउंड का मुकाबला भी रयबाकिना ने आराम से 6-2, 6-3 से अपने नाम किया था। दूसरे राउंड में उन्हें 7-5, 6-2 और पहले राउंड में 6-4, 6-3 से जीत मिली थी।
सफर
ऐसा रहा सबालेंका का सफर
सबालेंका ने सेमीफाइनल मुकाबले में एलिना स्वितोलिना को सीधे मुकाबले में 6-2, 6-3 से हराया था। क्वार्टर फाइनल में उन्हें 6-3, 6-0 से जीत मिली थी। उन्होंने USA की इवा योविच को मात दी थी। चौथे राउंड में उनको कनाडा की विक्टोरिया एमबोको के खिलाफ 6-1, 7-6 से जीत मिली थी। तीसरे राउंड में उन्होंने अनास्तासिया पोटापोवा 7-6, 7-6 हराया था। दूसरा राउंड उन्होंने 6-3, 6-1 और टूर्नामेंट का पहला राउंड 6-4, 6-1 से अपने नाम किया था।
रिकॉर्ड
रयबाकिना ने ये खिताब भी किए हैं अपने नाम
रयबाकिना इससे पहले साल 2022 में विंबलडन का खिताब भी जीत चुकी हैं। यूएस ओपन में ये खिलाड़ी चौथे राउंड तक पहुंची हैं, लेकिन कभी खिताब अपने नाम नहीं कर पाईं हैं। फ्रेंच ओपन में उन्होंने साल 2021 और 2024 का क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला था। हालांकि, वह ट्रॉफी नहीं जीत पाईं हैं। यह इस खिलाड़ी का कुल दूसरा ग्रैंड स्लैम है। रयबाकिना रैंकिंग में 5वें स्थान पर हैं और उन्होंने पहले स्थान की खिलाड़ी को हराया।
हार
सबालेंका के आंकड़ों पर एक नजर
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में सबालेंका लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचीं थी। इससे पहले उन्होंने 2023 और 2024 में खिताब जीता था, जबकि पिछले साल उन्हें मैडिसन कीज से 3 सेट में हार का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलियन ओपन में सबालेंका का रिकॉर्ड 34 जीत और 7 हार का है। ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में उनका कुल रिकॉर्ड 106 जीत और 27 हार का रहा है। यह उनका आठवां ग्रैंड स्लैम फाइनल था, जिसमें उनका रिकॉर्ड 4-4 का है।