ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026: कार्लोस अल्कराज ने पहली बार जीता खिताब, फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराया
क्या है खबर?
स्पेन के टेनिस सितारे कार्लोस अल्कराज ने ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने पुरुष एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराते हुए पहली बार ये प्रतिष्ठित खिताब जीता। अल्काराज पहला सेट हार चुके थे, इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए लगातार 3 सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।
सफर
शान से फाइनल में पहुंचे थे अल्कराज
पहला राउंड: एडम वॉल्टन को 6-3, 7-6, 6-2 से हराया। दूसरा राउंड: यानिक हान्फमान को 7-6, 6-3 और 6-2 से शिकस्त दी। तीसरा राउंड: कोरेंटिन मौटे को एकतरफा मुकाबले में 6-2, 6-4, 6-1 से हराया। चौथा राउंड : टॉमी पॉल को रोमांचक मुकाबले में 7-6, 6-4, 7-5 से हराया। क्वार्टरफाइनल: एलेक्स डे मिनॉर को सीधे सेट में 7-5, 6-2, 6-1 से हराया। सेमीफाइनल: अलेक्जेंडर ज्वेरेव को कड़े मुकाबले में 6-4, 7-6, 6-7, 6-7, 7-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दिग्गज
जोकोविच के सफर पर एक नजर
पहला राउंड: पेड्रो मार्टिनेज को 6-3, 6-2, 6-2 से हराया। दूसरा राउंड: फ्रांसेस्को माएस्ट्रेली को 6-3, 6-2, 6-2 से शिकस्त दी। तीसरा राउंड: बोटिक वैन डे जैंड्सचुल्प को 6-3, 6-4, 7-6 से मात दी। चौथा राउंड : जैकब मेंशिक ने मुकाबला नहीं खेला और वॉकओवर ले लिया। क्वार्टरफाइनल: लोरेंजो मुसेट्टी के साथ मुकाबला भी वॉकओवर में समाप्त हुआ। मुसेट्टी 4-6, 6-3, 3-1 से आगे थे। सेमीफाइनल: जेनिक सिनर को 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
खिताब
अल्कराज के ट्रॉफी पर एक नजर
अल्कराज ने 7वां ग्रैंड स्लैम जीता है। इससे पहले वह लगातार 2 बार (2023 और 2024) विंबलडन अपने नाम कर चुके हैं। साल 2022 और 2025 में उन्होंने यूएस ओपन टेनिस की ट्रॉफी अपने नाम की थी। साल 2024 में उन्होंने फाइनल मुकाबले में अलेक्जेंडर जवेरेव को फाइनल में हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। 2025 का फ्रेंच ओपन भी इसी खिलाड़ी ने जीता था। पिछले साल का ऑस्ट्रेलिया ओपन फाइनल अल्कराज सिनर के खिलाफ हार गए थे।
ऐतिहासिक
अल्कराज ने ये रिकॉर्ड किए अपने नाम
3 घंटे और 2 मिनट तक चले फाइनल में जीत हासिल कर 22 वर्षीय अल्कराज ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने डॉन बज के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1938 फ्रेंच ओपन में अपने 23वें जन्मदिन से पहले करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। इसके साथ ही अल्कराज ओपन एरा में 7 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 23 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले ब्योर्न बॉर्ग का रिकॉर्ड तोड़ा।
ट्विटर पोस्ट
अल्कराज के जीत का वीडियो
History 🏆
— #AusOpen (@AustralianOpen) February 1, 2026
Career slam complete, take a bow @carlosalcaraz 🇪🇸@wwos • @espn • @tntsports • @wowowtennis • #AO26 pic.twitter.com/pd7ye35TTq