ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने दूसरे वनडे में भारत को हराया, सीरीज में बनाई अजेय बढ़त
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराते हुए सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई। होबार्ट में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 251/9 का स्कोर बनाया, जिसमें हरमनप्रीत कौर और प्रतिका रावल ने अर्धशतक लगाए। जवाब में मेजबान टीम ने जॉर्जिया वोल के शतक (101) की मदद से 37वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
लेखा-जोखा
आसानी से जीती ऑस्ट्रेलियाई टीम
स्मृति मंधाना (31) और प्रतिका ने मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। अच्छी शुरुआत के बाद भारत ने निरंतर विकेट गंवाए और टीम का स्कोर एक समय 130/5 हो गया। संकट की घड़ी में हरमनप्रीत ने भी अर्धशतक लगाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड (80) ने अच्छी पारी खेली। इसके बाद वोल के शतक की मदद से टीम ने जीत दर्ज की।
हरमनप्रीत
हरनमनप्रीत ने अपने 4,500 वनडे रन पूरे किए
हरमनप्रीत ने सीरीज के दूसरे मैच में 70 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। भारतीय कप्तान ने वनडे क्रिकेट में अपना 24वां अर्धशतक पूरा किया। अब तक उन्होंने 163 वनडे मैचों में 37.32 की औसत से 4,500 रन (अब 4,516) पूरे कर लिए हैं। उनके नाम 7 शतक भी शामिल हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 171 रन है।
शतक
वोल ने अपना दूसरा शतक लगाया
वोल 82 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 13 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 123.17 की रही। ये उनके वनडे करियर का सिर्फ दूसरा ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 80 गेंदों में पूरा किया। वोल ने दोनों शतक भारतीय टीम के खिलाफ ही लगाए हैं। वोल ने लिचफील्ड (80) के साथ 94 गेंदों में 119 रन जोड़े। बेथ मूनी के साथ इस खिलाड़ी ने 67 गेंदों में 82 रन की साझेदारी निभाई।
जानकारी
फीबी लिचफील्ड ने खेली 80 रन की पारी
लिचफील्ड ने 62 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 80 रन बनाए। यह उनका 9वां अर्धशतक रहा। उन्होंने 38 वनडे मैचों में 42.39 की औसत और 90.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,399 रन बनाए हैं।
रावल
प्रतिका रावल ने अपना 8वां अर्धशतक लगाया
प्रतीका ने 82 गेंदों में 51 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 वनडे मैचों में उन्होंने 37.66 की औसत से 226 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। कुल मिलाकर, उन्होंने अब 26 वनडे मैचों में 48.41 की औसत और 81.65 की स्ट्राइक रेट से 1,162 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं।