महिला टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराकर सीरीज की अपने नाम
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एकमात्र टेस्ट मैच में 10 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने सीरीज भी अपने नाम कर ली। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 25 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे उसने बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ये मुकाबला तीसरे दिन ही हार गई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम की पहली पारी 198 रन पर सिमट गई। जेमिमा रोड्रिगेज ने 52 रन बनाए। एनाबेल सदरलैंड ने 4 विकेट झटके। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 323 रन बना दिए। एनाबेल सदरलैंड ने 129 रन की पारी खेली, जबकि एलिस पेरी ने 76 रन बनाए। भारत की दूसरी पारी 149 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने मैच जीता और आखिरी बार कप्तानी कर रहीं एलिसा हीली को शानदार विदाई दी।
पारी
ऐसी रही जेमिमा की पारी
जेमिमा ने पहली पारी में 84 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 61.90 की रही। ये उनके टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस खिलाड़ी ने दूसरा अर्धशतक लगाया। इस खिलाड़ी ने अब तक 4 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 50.16 की औसत से 301 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73 रन है।
हॉल
सदरलैंड ने पहली बार लिया 4 विकेट हॉल
सदरलैंड ने पहली पारी में 17 ओवर गेंदबाजी की और 5 मेडन के साथ 46 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 2.70 की रही। ये उनके टेस्ट करियर का पहला 4 विकेट हॉल रहा। उन्होंने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 13 पारियों में 23.26 की औसत से 19 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 3 टेस्ट की 5 पारियों में 17.87 की औसत से 19 विकेट अपने नाम किए हैं।
शतक
सदरलैंड ने जड़ा चौथा शतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा और भारत के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 133 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने पेरी (76) के साथ मिलकर 169 गेंदों में 128 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने पारी में 171 गेंदों का सामना किया और 17 चौकों की मदद से 129 रन बनाकर आउट हुईं। उनके अब 7 मैचों में 89.38 की औसत से 715 रन हो गए हैं।
अर्धशतक
पेरी ने जड़ा 5वां टेस्ट अर्धशतक
कंगारू टीम के लिए पेरी ने भी बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को संकट से बाहर निकालने का काम किया। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और भारत के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा। उन्होंने अपनी पारी में 116 गेंदों का सामना किया और 10 चौके के साथ 1 छक्का जड़ते हुए 76 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। पारी का 70वां रन बनाते ही उनके टेस्ट करियर में 1,000 रन भी पूरे हो गए।
उपलब्धि
पेरी तीनों प्रारूप में 1,000 रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज
टेस्ट में अपने 1,000 रन पूरे करने के साथ ही पेरी तीनों प्रारूप (टेस्ट, वनडे और टी-20) में 1,000 रन पूरे करने वाले केवल दूसरी महिला बल्लेबाज बनी हैं। उनके टेस्ट में 1,006, वनडे में 4,504 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,201 रन हो गए हैं। उनसे पहले केवल इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स ही यह कारनामा कर पाई हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 1,676, वनडे क्रिकेट में 5,992 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन दर्ज हैं।
जानकारी
प्रतिका ने पहले टेस्ट में ही जड़ा अर्धशतक
प्रतिका रावल ने दूसरी पारी में 137 गेंदों का सामना किया और 63 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 45.99 की रही। उन्होंने पहले टेस्ट मैच में ही अर्धशतक जड़ा। पहली पारी में वह 18 रन बनाकर आउट हुईं थीं।