अंडर-19 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया
क्या है खबर?
अंडर-19 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 27 हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। बुलवायो में खेले गए मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए, जिसमें थॉमस रेव का शतक (110) शामिल रहा। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 47.3 ओवर में 250 रन पर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक ने भी शतक (100) लगाया।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती इंग्लैंड की टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 60 रन तक अपने शीर्षक्रम के 3 विकेट गंवा दिए। इस बीच बेन डॉकिन्स (1), जोसेफ मूर्स (25) और बेन मेयस (24) आउट हुए। संकट की घड़ी में रेव ने शतक लगाते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में सलामी बल्लेबाज नितेश सैमुअल (47) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद ओलिवर पीक ने भी संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। इंग्लैंड से 4 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लिए।
शतक
थॉमस रेव ने लगाया शतक
इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए रेव ने 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने 97 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 107 गेंदों में 110 रन की पारी खेलकर दुर्भाग्यपूर्ण ढगं से रन आउट हुए। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने 14 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने कैलेब फाल्कनर (40) के साथ मिलकर 135 रन की साझेदारी भी की।
आंकड़े
थॉमस रेव ने इस संस्करण में अपना पहला शतक लगाया
रेव ने अंडर-19 विश्व कप 2026 में अपना पहला शतक लगाया। उन्होंने इस संस्करण में 6 पारियों में 74.75 की औसत और 101.01 की स्ट्राइक रेट के साथ 299 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक के अलावा और 2 अर्धशतक लगाए। वह इस संस्करण में फिलहाल चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस शतक से पहले रेव के पिछले 3 स्कोर 8, 59* और 22 रन हैं।
ओलिवर पीक
ओलिवर पीक ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जब 47 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया, तब पीक क्रीज पर आए। एक छोर से कंगारू टीम ने निरंतर विकेट गंवाए, जबकि दूसरी छोर से पीक ने रन बनाते हुए टीम का संघर्ष जारी रखा। उन्होंने नितेश सैमुअल के साथ मिलकर 62 रन की साझेदारी भी की। बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने शतक पूरा किया। वह 88 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की बदौलत 100 रन बनाकर आउट हुए।