साल 2018 के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलेगी ऑस्ट्रेलिया, जानिए पूरा शेड्यूल
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 3 मैचों की वनडे और इतने ही मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका जाएगी। साल 2018 के बाद ये पहला मौका होगा जब कंगारू टीम दक्षिण अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज खेलेगी। 8 साल पहले हुई टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कुछ खिलाड़ियों ने केपटाउन टेस्ट के दौरान बॉल-टेंपरिंग की थी। उस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम कभी भी दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज नहीं खेली। ऐसे में आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है भारी
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 1902 में खेला गया था। दोनों टीमों के बीच 102 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान 54 मुकाबलों में कंगारू टीम जीत दर्ज करने में सफल रही है। दक्षिण अफ्रीका ने 27 मैच जीते हैं। 21 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में अब तक 54 मुकाबले हुए हैं। 29 मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है और 16 मुकाबले दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं। 9 मैच ड्रॉ रहे हैं।
वनडे
वनडे क्रिकेट में ऐसे रहे हैं दोनों टीमों के आंकड़े
वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 113 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान 52 मैच में कंगारू टीम को जीत मिली है। 57 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 3 मैच टाई रहा है और 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। दक्षिण अफ्रीका में दोनों टीमों के बीच 51 मुकाबले हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 22 मैच जीते हैं और 28 मैच में उसे हार मिली है। 1 मैच टाई पर समाप्त हुआ है।
शेड्यू
ऐसा है पूरे सीरीज का शेड्यूल
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 24 सितंबर को डरबन में होगा। इसके बाद दूसरा मैच जोहान्सबर्ग में 27 सितंबर को खेला जाएगा। पोटचेफस्ट्रूम में आखिरी वनडे 30 सितंबर को होगा। वहीं, सीरीज का पहला टेस्ट मैच 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक किंग्समीड स्टेडियम, डरबन में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट सेंट जॉर्ज पार्क, ग्केबेरहा में 18 से 22 अक्टूबर तक होगा। सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच 27 से 31 अक्टूबर तक न्यूलैंड्स, केपटाउन में खेला जाएगा।
मामला
क्या था बॉल टेंपरिंग का मामला?
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में तीसरे दिन कैमरून बैनक्रॉफ्ट बॉल टेंपरिंग करते हुए पकड़े गए थे। बैनक्रॉफ्ट को मैच के दौरान अपनी पैंट से पीले रंग की चीज निकालते देखा गया था। टीवी रीप्ले में देखा गया कि बैनक्रॉफ्ट ने गेंद का शेप बिगाड़ने के लिए टेप जैसी किसी चीज का इस्तेमाल किया। टेप को सैंडपेपर में बदलकर इसका इस्तेमाल बैनक्रॉफ्ट ने गेंद को खुरदरा करने के लिए किया था, जिससे गेंदबाजों को आसानी से स्विंग मिल सके।
सजा
स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर को मिली थी सजा
स्टीव स्मिथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान थे और इसी कारण उन्हें जांच के घेरे में लाया गया था। इसके बाद पता चला था कि बैनक्रॉफ्ट ने जो किया उसे बारे में स्मिथ और उप-कप्तान डेविड वार्नर को पहले से ही पता था। स्मिथ को एक साल के लिए क्रिकेट और कप्तानी दोनों से बैन किया गया था। वार्नर पर भी एक साल का बैन लगा था और बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए बैन किया गया था।