Page Loader
एशिया कप 2023, भारत बनाम श्रीलंका: फाइनल में इन खिलाड़ियों के बीच हो सकती है टक्कर 
17 सितंबर को फाइनल में भिड़ेंगे भारत और श्रीलंका (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

एशिया कप 2023, भारत बनाम श्रीलंका: फाइनल में इन खिलाड़ियों के बीच हो सकती है टक्कर 

Sep 16, 2023
04:55 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 का फाइनल मैच भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 17 सितंबर (रविवार) को खेला जाएगा। भारत ने सर्वाधिक 7 बार (वनडे और टी-20 दोनों प्रारूपों में) खिताब जीता है, जबकि श्रीलंकाई टीम 6 बार विजेता रही है। ऐसे में श्रीलंकाई टीम अपने घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए अपना 7वां खिताब जीतना चाहेगी। फाइनल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। उन पर एक नजर डालते हैं।

गिल 

शुभमन गिल बनाम कसुन रजिथा 

बांग्लादेश के खिलाफ शुभमन गिल ने शानदार शतक (121 रन) लगाया है। वह एशिया कप 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी लय को बरकरार रखने का प्रयास करेंगे। उन्हें पावरप्ले के ओवरों में कसुन राजिथा से निपटना होगा। बता दें कि रजिथा और गिल आपस में कुल 4 वनडे मैचों में आमने-सामने हुए हैं, जिसमें श्रीलंकाई गेंदबाज ने उन्हें 1 बार आउट किया है।

कोहली 

विराट कोहली बनाम दुनिथ वेल्लालागे

एशिया कप 2023 में श्रीलंका के युवा स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे ने प्रभावित किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ पिछली भिड़ंत में 5 विकेट लिए थे, जिसमें विराट कोहली भी शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों का अम्बार लगा चुके कोहली को बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ कुछ परेशानी हुई है। कुल मिलाकर कोहली 97 वनडे पारियों में से 22 बार बाएं हाथ के स्पिनरों का शिकार बने हैं। वेल्लालागे ने 14 वनडे में 19 विकेट लिए हुए हैं।

निसानका 

पथुम निसानका बनाम जसप्रीत बुमराह 

पथुम निसानका पिछले कुछ समय में श्रीलंका के भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं और वह भारतीय टीम के खिलाफ महत्वपूर्ण छाप छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। उन्हें जसप्रीत बुमराह से निपटना होगा, जो एशिया कप में घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। बता दें कि सुपर-4 चरण के दौरान बुमराह ने निसानका को 6 रन के निजी स्कोर पर आउट किया था। कुल मिलाकर भारतीय तेज गेंदबाज के नाम 69 वनडे पारियों में पावरप्ले में 37 विकेट हैं।

मेंडिस 

कुसल मेंडिस बनाम रविंद्र जडेजा 

कुसल मेंडिस श्रीलंका के लिए महत्वपूर्ण होंगे, जिन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में 3 अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने एशिया कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ 92 रन और पाकिस्तान के विरुद्ध 91 रन बनाए थे। बीच के ओवरों में रविंद्र जड़ेजा उनके खिलाफ खतरा पैदा कर सकते हैं। मेंडिस 40 वनडे मैचों में से 9 बार बाएं हाथ के स्पिनरों का शिकार बने हैं। इस बीच 1 बार जडेजा उन्हें आउट कर चुके हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

भारत-श्रीलंका टीमों के बीच वनडे में 166 बार भिड़ंत हो चुकी है। श्रीलंका ने इनमें से 57 मैचों में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर भारत ने 97 मैचों में जीत दर्ज की है। इस बीच 11 मैच बेनतीजा रहे और 1 मैच टाई रहा।