Page Loader
एशेज 2023: हैरी ब्रुक ने टेस्ट में 82 की औसत से बनाए हैं रन, जानिए आंकड़े 
हैरी ब्रुक ने अब तक 7 टेस्ट मैचों में 818 रन बनाए हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशेज 2023: हैरी ब्रुक ने टेस्ट में 82 की औसत से बनाए हैं रन, जानिए आंकड़े 

Jun 15, 2023
11:57 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की एशेज सीरीज की शुरुआत शुक्रवार से होने जा रही है। आगामी सीरीज में इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रुक के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी होंगी। ब्रुक ने अपने छोटे से करियर में ही आक्रामक शैली से काफी प्रभावित किया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह कंगारू टीम की तेज गेंदबाजी के सामने कैसा प्रदर्शन करते हैं। आइए ब्रुक के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

11 पारियों में जमा चुके हैं 4 शतक और 3 अर्धशतक

ब्रुक ने पिछले साल ही दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ केनिंग्टन ओवल में अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 7 टेस्ट की 11 पारियों में 81.80 की प्रभावशाली औसत और 99.03 की स्ट्राइक रेट से 818 रन बना चुके हैं। इस फॉर्मेट में 186 के उच्चतम स्कोर के साथ वह अब तक 4 शतक और 3 अर्धशतक जमा चुके हैं। इतनी कम पारियों में ही वह अब तक 20 छक्के जमा चुके हैं।

रिपोर्ट

साल दर साल बढ़ रही है ब्रुक की औसत 

ब्रुक को टेस्ट डेब्यू किए एक साल भी नहीं हुआ है, लेकिन अपनी आक्रामक शैली से वह लगातार प्रभावित कर रहे हैं। साल 2022 में उन्होंने 4 टेस्ट मैचों में ही 80.00 की औसत और 92.13 की स्ट्राइक रेट से 480 रन जमा दिए थे। उस दौरान उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक जमाया था। साल 2023 में वह अब तक खेले गए 3 मैचों में 84.50 की औसत और 110.81 की स्ट्राइक रेट से 338 रन बना चुके हैं।

रिपोर्ट

घर में खुद को साबित नहीं कर पाए हैं ब्रुक 

24 साल के ब्रुक ने भले ही अपने खेल कौशल से अपनी एक अलग पहचान बना ली हो, लेकिन फिहाल उन्हें घर में खुद को साबित करना बाकि है। इंग्लैंड में अब तक खेले गए 2 टेस्ट मैचों की 2 पारियों में वह 21 की साधारण औसत और 77.77 की स्ट्राइक रेट से केवल 21 रन बना पाए हैं। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 12 रन का रहा है और वह केवल 3 चौके जड़ पाए हैं।

रिपोर्ट

IPL 2023 में उम्मीद के विपरीत खेले थे ब्रुक 

ब्रुक को अपनी आक्रामक शैली की बदौलत ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भारी भरकम कीमत मिली थी। हालांकि, वह उसके साथ न्याय नहीं कर पाए। IPL 2023 की मिली नीलामी में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज 11 पारियों में केवल 190 रन ही बना पाया था। एक मैच में उन्होंने भले ही शतक जमाया, लेकिन शेष 10 पारियों में वह कुल 90 रन ही बना पाए थे।