दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 में सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हैं अर्शदीप सिंह, जानिए प्रदर्शन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में अपना अजेय क्रम जारी रखा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते हुए भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने चारों मैचों में जीत दर्ज की है। अब सुपर-8 में भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से 22 फरवरी को होगा। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को इस टीम के खिलाफ गेंदबाजी करना पसंद है। आइए उनके दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं अर्शदीप
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्शदीप दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध 14 मैचों में 18.86 की औसत और 9.04 की इकॉनमी रेट के साथ 23 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्शदीप के बाद सर्वाधिक विकेट भारत के वरुण चक्रवर्ती (22), और इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन (17) ने लिए हैं।
जानकारी
अर्शदीप ने टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले हैं 2 मैच
टी-20 विश्व कप में अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 मैच खेले हैं, जिसमें 11.25 की औसत और 5.62 की इकॉनमी रेट के साथ 4 विकेट लिए हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में इस टीम के विरुद्ध 2 विकेट लिए थे।
आंकड़े
टी-20 विश्व कप में भारत के लिए दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हैं अर्शदीप
अर्शदीप टी-20 विश्व कप में भारत के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस तेज गेंदबाज ने 17 मैचों में 14.90 की औसत से 30 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 7.45 है। वह इस मामले में केवल रविचंद्रन अश्विन (32) से पीछे हैं। जसप्रीत बुमराह के नाम भी इस टूर्नामेंट में 30 ही विकेट हैं। बुमराह ने 21 पारियों में गेंदबाजी की है।
करियर
शानदार रहा है अर्शदीप का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
अर्शदीप ने साल 2022 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 79 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 19.20 की औसत और 8.50 की इकॉनमी के साथ 121 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल भी झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51/9 का ही रहा है। वह इस प्रारूप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।