Page Loader
हॉकी विश्व कप: अमित रोहिदास को माता-पिता ने मजदूरी कर बढ़ाया आगे, जानिए उनकी संघर्षपूर्ण कहानी
अमित रोहिदास ने स्पेन के खिलाफ शानदार खेल दिखाया था (फाइल फोटो: ट्विटर/@30Amitrohidas)

हॉकी विश्व कप: अमित रोहिदास को माता-पिता ने मजदूरी कर बढ़ाया आगे, जानिए उनकी संघर्षपूर्ण कहानी

Jan 15, 2023
12:16 pm

क्या है खबर?

हॉकी विश्व कप 2023 में भारत ने स्पेन को 2-0 से हराकर शानदार आगाज किया है। मुकाबले के 12वें मिनट में अमित रोहिदास ने गोल दागकर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी थी। उन्होंने राउरकला के पानपोष स्थित हॉकी एकेडमी से ही खेल की बारीकियां सीखीं। उनके भारतीय हॉकी टीम तक पहुंचने का सफर इतना आसान नहीं रहा है। उनके साथ-साथ उनके पूरे परिवार ने काफी संघर्ष किया है। आइए उनकी कहानी पर एक नजर डालते हैं।

संघर्ष

माता-पिता करते थे मजदूरी

अमित के भाई निरंजन ने दैनिक भास्कर में छपी एक रिपोर्ट में कहा, "हमारे माता-पिता ज्यादा पढ़े लिखे नहीं थे, लेकिन वो चाहते थे कि हम सब आगे बढ़े। हम दो भाई और पांच बहनें हैं। दोनों ने मजदूरी कर हमारा पालन पोषण किया।हमें कभी भी खाने की कमी नहीं होने दी। दोनों ने काफी संघर्ष किया।" उन्होंने कहा, "अमित के पास हॉकी स्टिक नहीं होती थीं। दूसरे खिलाड़ी जो हॉकी फेंक देते थे। उनसे ही वह अभ्यास करता था।"

कोच

पहले गोलकिपर बनना चाहते थे अमित

अमित पहले गोलकिपर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका खेल देख 2004 में पानसोल स्थित हॉकी अकादमी के हॉस्टल में उनका चयन हो गया। वहां के कोच ने अमित की प्रतिभा देख उनसे गोलकीपिंग छुड़ाई और उन्हें डिफेंस में खेलने को कहा। इस फैसले ने उनकी किस्मत बदल दी और आज वह एक मजबूत डिफेंडर और जरूरत पड़ने पर मिडफील्ड और फॉरवर्ड में खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह भारतीय टीम के उपकप्तान भी हैं।

भारतीय टीम

अमित की उपलब्धि

अमित इस समय भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हैं। वह 2020 में ओलंपिक मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी थे। वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक, चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत पदक, हॉकी वर्ल्ड लीग 2016-17 में कांस्य पदक, एशियन गेम्स 2018 में कांस्य पदक, एशिया कप 2017 में स्वर्ण पदक, एशिया कप 2013 में रजत पदक, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2016 में स्वर्ण पदक और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं।

इंग्लैंड

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भी अमित से उम्मीद

विश्व कप में भारत आज दूसरा मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा। इस मुकाबले में भी अमित से उम्मीदें होंगी। साल 2013 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने भारतीय हॉकी टीम के डिफेंस में काफी मजबूती प्रदान की है। भारत की पूरी टीम: पीआर श्रीजेश, कृष्णा पाठक, जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, अमित रोहिदास, नीलम संजीप सेस, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह।