अमित मिश्रा का विराट कोहली पर बड़ा आरोप, कहा- वादा कर फोन उठाना किया बंद
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा का अंतरराष्ट्रीय करियर 2025 में बेहद कड़वे मोड़ पर समाप्त हुआ था। साल 2017 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बेंगलुरु में खेला गया टी-20 मुकाबला उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ। अब सालों बाद मिश्रा ने एक पॉडकास्ट में बड़ा खुलासा करते हुए पूर्व कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले पर वादे से मुकर जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आइए जानते हैं मिश्रा ने क्या कुछ कहा है।
बयान
मिश्रा ने क्या दिया बयान?
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के टॉक शो में मिश्रा ने एक बड़ी रोचक घटना को याद किया।
उन्होंने कहा, "बेंगलुरु में उस मैच के दौरान मेरे पैर में चोट लग गई थी। जब मैं चोटिल होकर टीम से बाहर जा रहा था, तब अनिल कुंबले हमारे मुख्य कोच थे। मैंने अनिल भाई से बात की, तो उन्होंने मुझसे कहा था चिंता मत करो। जैसे ही तुम पूरी तरह फिट हो जाओगे, तुम्हारी टीम में अपने आप वापसी हो जाएगी।"
चर्चा
मिश्रा की कोहली के साथ क्या हुई थी चर्चा?
विराट कोहली के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद मिश्रा ने उनसे भी अपने भविष्य को लेकर चर्चा की थी।
मिश्रा ने कहा, "इसके बाद जब विराट कोहली कप्तान बने, तो मैंने उनसे भी पूछा कि भाई अब आगे क्या करना है? विराट ने मुझे आश्वासन देते हुए कहा कि तुम बिल्कुल चिंता मत करो। तुम बस आराम से अपनी फिटनेस पर ध्यान दो और पूरी तरह रिकवर हो जाओ, तुम टीम का हिस्सा हो, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।"
आरोप
मिश्रा ने कोहली पर लगाया फोन न उठाने का आरोप
मिश्रा ने आगे कहा, "जब मैं फिट हो गया, तो मैं उनके पास गया और पूछा कि भाई क्या स्थिति है? इस पर कोहली ने कहा कि वे मुझे एक हफ्ते से 10 दिनों के भीतर बताएंगे, लेकिन इसके बाद एक हफ्ता बीता, 2 हफ्ते बीते, 3 हफ्ते बीत गए, लेकिन उनकी तरफ से कोई अपडेट नहीं आया। जब मैंने उन्हें फोन किया, तो उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया। मैंने उन्हें मैसेज भी छोड़े, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं आया।"
मुद्दा
मिश्रा ने उठाया नियमों में भेदभाव का मुद्दा
मिश्रा ने टीम प्रबंधन के दोहरे रवैये पर कहा, "जब कोई आपको टीम में रखना ही नहीं चाहता, तो आप कुछ नहीं कर सकते। मेरे सामने ऐसे कई खिलाड़ी थे जो मुझसे भी ज्यादा गंभीर रूप से चोटिल हुए थे और लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, लेकिन फिट होते ही उनकी तुरंत टीम में वापसी करा दी गई, लेकिन मेरे मामले में ऐसा क्यों नहीं हुआ, इसका जवाब मुझे आज तक नहीं मिला है।"
करियर
कैसा रहा मिश्रा का अंतरराष्ट्रीय करियर?
मिश्रा ने भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से 22 टेस्ट खेले, जिसमें 35.72 की औसत के साथ 76 विकेट चटकाए थे।
उन्होंने 36 वनडे में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 23.60 की औसत के साथ 64 विकेट अपने नाम किए थे।
इस बीच उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए थे।
उन्होंने 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6.31 की इकॉनमी रेट से 16 विकेट चटकाए थे। वह घरेलू क्रिकेट में हरियाणा से खेलते थे।