Page Loader
अंबाती रायडू ने पहले की IPL से संन्यास की घोषणा, बाद में डिलीट किया ट्वीट
अंबाती रायडू

अंबाती रायडू ने पहले की IPL से संन्यास की घोषणा, बाद में डिलीट किया ट्वीट

लेखन Neeraj Pandey
May 14, 2022
01:03 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेल रहे भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला काम किया है। रायडू ने पहले ट्वीट करते हुए बताया कि यह उनका आखिरी IPL सीजन होगा, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया। आपको बता दें कि इस सीजन रायडू की टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है और वे प्ले-ऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं।

बयान

रायडू ने अपने ट्वीट में क्या लिखा था?

रायडू ने ट्विटर पर लिखा था कि वह यह बताते हुए खुशी महसूस कर रहे हैं कि यह उनका आखिरी IPL सीजन होगा। उन्होंने आगे लिखा, 'मैंने इस लीग में खेलते हुए काफी शानदार समय बिताया है और 13 सालों तक मैं दो महान टीमों के साथ रहा हूं। मैं इस शानदार सफर के लिए तहे दिल से मुंबई इंडियंस और CSK की टीम को धन्यवाद कहना चाहूंगा।'

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

CSK के CEO ने कहा, "अंबाती रायडू रिटायर नहीं हो रहे हैं। वह शायद अपने प्रदर्शन से नाखुश हैं और इसीलिए उन्होंने वह पोस्ट डाल दिया था। केवल मानसिक चीज है। वह CSK के साथ रहेंगे।"

प्रदर्शन

पिछले सीजन से ही संंघर्ष कर रहे हैं रायडू

रायडू ने इस सीजन अब तक खेले 12 मैचों की 10 पारियों में 27.10 की औसत के साथ 271 रन बनाए हैं और अपनी टीम के लिए तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रायडू ने इस सीजन एक अर्धशतक लगाया है। पिछले सीजन भी रायडू का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। पिछले सीजन उन्होंने 16 मैचों में 28.55 की औसत से केवल 257 रन बनाए थे।

मुंबई इंडियंस

मुंबई के लिए 114 मैच खेल चुके हैं रायडू

रायडू ने 2010 में मुंबई के साथ अपना IPL करियर शुरु किया था और 2017 तक वह इसी टीम के लिए खेलते रहे थे। रायडू ने मुंबई के लिए खेले 114 मैचों में 2,416 रन बनाए हैं। 2018 से वह चेन्नई के लिए खेल रहे हैं। चेन्नई के लिए पहले सीजन में ही रायडू ने 16 मैचों में 602 रन बनाए थे जो उनका एक सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।