ChatGPT गणित और विज्ञान के जटिल सवालों को समझने में करेगा मदद, पेश किया नया फीचर
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने ChatGPT में नए इंटरैक्टिव रिस्पॉन्स पेश किए हैं, जिनका उद्देश्य सीखने वालों के लिए चैटबॉट को और अधिक उपयोगी बनाना है। यह AI मॉडल कुछ वैज्ञानिक और गणितीय कॉन्सेप्ट- पाइथागोरस प्रमेय, कूलम्ब का नियम और लेंस समीकरण को समझाने के लिए गतिशील दृश्य प्रदर्शित करेगा। जब यह इंटरैक्टिव दृश्य के साथ प्रतिक्रिया देगा, तो आप किसी भी सूत्र और समीकरण को स्वयं बदल सकेंगे, जिससे आप इनको हल होते देख सकेंगे।
विषय
70 से अधिक विषयों के दिखाएगा विजुअल
OpenAI का कहना है कि ChatGPT 70 से अधिक विषयों पर पूछे जाने वाले प्रश्नों के लिए इंटरैक्टिव विजुअल दिखाएगा। इनमें द्विपद वर्ग, चार्ल्स का नियम, वृत्त का क्षेत्रफल, चक्रवृद्धि ब्याज, कूलम्ब का नियम, हुक का नियम, गतिज ऊर्जा, रैखिक समीकरण और ओम का नियम शामिल हैं। ये विजुअल सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि हाई स्कूल और कॉलेज के छात्रों को इस नए फीचर से सबसे ज्यादा फायदा होने की संभावना है।
उपयोग
ऐसे कर सकेंगे इस फीचर का उपयोग
फीचर को आजमाने के लिए ChatGPT से "लेंस समीकरण क्या है?" या "वृत्त का क्षेत्रफल कैसे ज्ञात करें?" जैसे प्रश्न पूछे सकते हैं। चैटबॉट न केवल स्पष्टीकरण देगा, बल्कि एक इंटरैक्टिव मॉड्यूल भी प्रदान करेगा, जिसे आप उपयोग कर सकते हैं। इसे छात्रों द्वारा अपने कोर्सवर्क को पूरा करने के लिए चैटबॉट का उपयोग करने की भारी संख्या को देखते हुए लॉन्च किया गया। यह यूजर्स को सीधे समाधान प्रदान करने के बजाय स्वयं उत्तर खोजने में मार्गदर्शन करता है।