16 साल बाद घरेलू मैदान पर अश्विन और जडेजा के बिना उतरी भारतीय टेस्ट टीम
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम एकमात्र टेस्ट मैच के लिए आमने-सामने हैं। महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह पहला टेस्ट मैच है। इस मुकाबले में भारतीय टीम रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के बिना उतरी है। 16 साल में यह पहला मौका है जब घरेलू मैदान पर इन दोनों खिलाड़ियों के बिना भारतीय टीम कोई टेस्ट खेल रही है। अश्विन संन्यास ले चुके हैं और जडेजा टीम का हिस्सा नहीं हैं।
आखिरी
69 घरेलू टेस्ट के बाद पहली बार हुआ ऐसा
आखिरी बार साल 2010 में अश्विन और जडेजा के बिना भारतीय टीम कोई घरेलू टेस्ट मैच खेली थी। वह सीरीज न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली गई थी। उस सीरीज में प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह टीम के मुख्य स्पिनर थे। 69 घरेलू टेस्ट के बाद ये पहला मौका है जब भारतीय टीम इन दोनों खिलाड़ियों के बिना उतरी है। जडेजा को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से आराम दिया गया है। वहीं, वनडे सीरीज में उन्हें जगह नहीं मिली है।
आंकड़े
ऐसे रहे हैं दोनों खिलाड़ियों के आंकड़े
जडेजा ने भारत के लिए 89 टेस्ट खेले और इसकी 133 पारियों में 38.27 की औसत से 4,095 रन बनाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 167 पारियों में 25.11 की औसत से 348 विकेट चटकाए हैं। अश्विन ने भारत के लिए 106 टेस्ट की 200 पारियों में 24 की औसत से 537 विकेट लिए थे। उन्होंने 37 बार 5 विकेट हॉल लिए थे। बल्लेबाजी में इस खिलाड़ी ने 25.75 की औसत से 3,503 रन बनाए थे।