पहली बार श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज की मेजबानी करेगा अफगानिस्तान, जानिए पूरा कार्यक्रम
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज की घोषणा की है। इस सीरीज में 13 मार्च से 3 मैचों की टी-20 सीरीज और 20 मार्च से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। ये दोनों सीरीज UAE में खेली जाएगी। बता दें कि 2024 के बाद ये दोनों टीमें द्विपक्षीय सीरीज में आपस में भिड़ने के लिए तैयार हैं। आइए पूरे कार्यक्रम पर एक नजर डालते हैं।
बयान
श्रीलंका की मेजबानी को लेकर उत्सुक है ACB
ACB के CEO नसीब खान ने पहली बार श्रीलंका की मेजबानी को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "हम अपने इतिहास में पहली बार श्रीलंका की मेजबानी के लिए उत्सुक हैं। यह श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ हमारे सहयोग को दिखाता है, और हम भविष्य में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट अनुभव देने के लिए जिम्मेदार हैं। श्रीलंका हाल ही में बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहा है, और हम 2 अच्छी टीमों के बीच एक प्रतिस्पर्धी सीरीज का इंतजार कर रहे हैं।"
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
🚨 𝐍𝐄𝐖𝐒! 🚨
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) February 23, 2026
We are hosting @OfficialSLC for the first time in our history! 👏👏
🏏: 3 ODIs and 3 T20Is
📅: March 13 - 25, 2026
🏟️: Sharjah, Dubai
🔗: https://t.co/ZH5lxmQ482#AfghanAtalan | #AFGvSL | #GloriousNationVictoriousTeam pic.twitter.com/B9Lvn1YM4q
शेड्यूल
शारजाह और दुबई में खेले जाएंगे मैच
13 मार्च से शारजाह में पहला टी-20 मैच खेला जाएगा। इसके बाद 15 और 17 मार्च को टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। ये तीनों मुकाबले शारजाह में होंगे। इसके बाद 20 मार्च को होने वाले पहले मैच के साथ वनडे सीरीज की शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद 22 मार्च और 25 मार्च को क्रमशः दूसरा और तीसरा वनडे खेला जाएगा। वनडे सीरीज के मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
सीरीज
2024 में दोनों टीमों ने खेली थी द्विपक्षीय सीरीज
पिछली बार दोनों टीमें 2024 की शुरुआत में द्विपक्षीय सीरीज में मिली थीं, जब अफगानिस्तान ने श्रीलंका का दौरा किया था। उस बार श्रीलंका ने दोनों सीरीज जीती थीं। 3 मैचों की वनडे सीरीज को श्रीलंकाई टीम ने क्लीन स्वीप किया था। इसके बाद 3 ही मैचों की टी-20 सीरीज को श्रीलंका ने 2-1 से अपने नाम किया था। टी-20 सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी वनिंदु हसरंगा ने की थी।