अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में कोहली की जगह यशस्वी शामिल, इंडिया-A टीम का हुआ ऐलान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 13 जून से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाली 3 वनडे मैचों की सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। विराट कोहली चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को मौका मिला है। हार्दिक पांड्या इस सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। रोहित शर्मा अपनी फिटनेस के आधार पर ही इस सीरीज में खेल पाएंगे। इसी के साथ इंडिया-A टीम का ऐलान भी किया गया है।
श्रीलंका
श्रीलंका के खिलाफ 2 बहु-दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया-A टीम
ऐसी है इंडिया-A की टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), हर्ष दुबे, अंशुल कंबोज, साई सुदर्शन, सरांश जैन, नरायण जगदीशन (विकेटकीपर), आयूष पांडे, गुरनूर बरार, अमन मोखांडे, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), आकिब नबी, शेख राशिद, रुतुराज गायकवाड़, यश ठाकुर और जिशान अंसारी। पहले श्रीलंका-A और अफगानिस्तान-A के खिलाफ भारतीय टीम त्रिकोणीय वनडे सीरीज खेलेगी। उसके बाद ये मुकाबले होंगे। पहला मैच 25 जून से 28 जून तक खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मुकाबला एक जुलाई से 5 जुलाई तक होगा।
बाहर
कोहली के बाहर होने के बाद ऐसी है भारतीय टीम
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मैच के दौरान कोहली को हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज तक कोहली फिट हो सकते हैं।
कार्यक्रम
ऐसा है वनडे सीरीज का कार्यक्रम
भारत के दौरे पर आने वाली अफगानिस्तान टीम 13 जून को धर्मशाला में पहले वनडे मैच के साथ सीरीज का आगाज करेगी। इसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 17 जून को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी तरह तीसरा और आखिरी वनडे मैच 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच 6 से 10 जून तक चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।
करियर
ऐसा रहा है कोहली का वनडे करियर
कोहली का वनडे क्रिकेट करियर में प्रदर्शन बेहद ही शानदार रहा है। उन्होंने 18 अगस्त, 2008 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दांबुला में अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 311 वनडे की 299 पारियों में 58.72 की औसत से 14,797 रन बना चुके हैं। इस प्रारूप में 183 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। उन्होंने 54 शतक और 77 अर्धशतक लगाए हैं। वनडे क्रिकेट में कोहली 47 बार नाबाद भी रहे हैं।
जानकारी
ऐसा रहा है यशस्वी का वनडे करियर
यशस्वी ने अब तक 4 वनडे खेले हैं और इसकी 4 पारियों में 57 की अच्छी औसत के साथ 171 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 86.80 की रही है। इस खिलाड़ी ने एक शतक लगाया है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 116* रन रहा है।