LOADING...
आदिल राशिद 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने, जानिए उनके आंकड़े 
आदिल राशिद ने हासिल की उपलब्धि (तस्वीर: एक्स/@ICC)

आदिल राशिद 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने, जानिए उनके आंकड़े 

Feb 03, 2026
11:10 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय को 12 रन से जीतते हुए सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया। पल्लेकेले स्टेडियम में हुए मुकाबले में श्रीलंकाई टीम जीत के लिए मिले 129 रन के लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही। इस मुकाबले में अनुभवी स्पिनर आदिल राशिद ने एक विकेट लिया। इस बीच वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

सूची 

इस सूची में शामिल हुए आदिल राशिद 

राशिद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट पूरे करने वाले विश्व के कुल छठे गेंदबाज बन गए हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान (187) इस सूची में शीर्ष पर मौजूद हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के टिम साउथी (164), ईश सोढ़ी (162), बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान (158), और श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा (151) इस आंकड़े को पार कर चुके हैं। इंग्लैंड की ओर से राशिद के बाद दूसरे सर्वाधिक विकेट क्रिस जॉर्डन (108) ने लिए हैं।

आंकड़े 

शानदार चल रहा है राशिद का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

राशिद ने 2009 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक इंग्लैंड की ओर से 137 मैच खेले हैं, इसकी 130 पारियों में 23.59 की औसत और 7.44 की इकॉनमी रेट के साथ 150 विकेट लिए हैं। वह किसी भी पारी में 5 विकेट हॉल नहीं ले सके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा है। उन्होंने 4 मैचों में 4 विकेट हॉल लिए हैं।

Advertisement

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती इंग्लिश टीम 

इंग्लैंड ने 34 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। इस बीच बेन डकेट (0), जैकब बेथेल (3), टॉम बेंटन (7) और हैरी ब्रूक (4) दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इसके बाद सैम कर्रन (58) ने अर्धशतक लगाते हुए टीम का स्कोर 128/9 तक पहुंचाया। जवाब में श्रीलंका से पथुम निसांका (23) और कुसल मेंडिस (26) अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके। बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच श्रीलंकाई टीम 116 रन पर ही सिमट गई।

Advertisement