एडम जैम्पा टी-20 विश्व कप के इतिहास में दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 40वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सामने ओमान क्रिकेट टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 104 रन पर ही सिमट गई। ओमान की टीम को ढेर करने में एडम जैम्पा की अहम भूमिका रही। इस अनुभवी लेग स्पिनर ने पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 4 विकेट लिए। वह टी-20 विश्व कप में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। आइए उनकी गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही जैम्पा की गेंदबाजी
जैम्पा ने ओमान की पारी के 8वें ओवर के दौरान गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में हम्माद मिर्जा का विकेट चटकाया। इस लेग स्पिनर ने अपने दूसरे ओवर में मोहम्मद नदीम को पवेलियन की राह दिखाई। जैम्पा ने अपने चौथे ओवर की शुरुआती 2 गेंदों में निचले क्रम के शकील अहमद और शफीक जैन को भी आउट किया। उन्होंने 3.2 ओवर में 21 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए।
विकेट
टी-20 विश्व कप में दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने जैम्पा
जैम्पा अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। इस ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने टूर्नामेंट के इतिहास में 25 मैच खेले हैं, जिसमें 13.84 की औसत और 6.52 की इकॉनमी रेट के साथ 44 विकेट लिए हैं। उन्होंने विकेटों के मामले में अफगानिस्तान के राशिद खान (43) को पीछे छोड़ा है। बता दें कि टी-20 विश्व कप इतिहास में जैम्पा से ज्यादा विकेट सिर्फ शाकिब अल हसन (50) ने लिए हैं।
जानकारी
टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक 4 विकेट हॉल
जैम्पा ने टी-20 विश्व कप के चौथी बार 4 विकेट चटकाए। वह सर्वाधिक 4 विकेट हॉल वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने शाकिब, सईद अजमल, राशिद और एनरिक नोर्खिया को पीछे छोड़ा है। इन गेंदबाजों ने 3-3 पारियों में 4 विकेट हॉल लिए हैं।
करियर
शानदार रहा है जैम्पा का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
जैम्पा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 115 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 20.63 की औसत और 7.37 की इकॉनमी रेट के साथ 147 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया है। विश्व के गेंदबाजों की बात करें तो वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में फिलहाल 8वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।