Page Loader
RR बनाम SRH: अभिषेक शर्मा ने लगाया IPL करियर का चौथा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
अभिषेक शर्मा ने लगाया IPL में चौथा अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

RR बनाम SRH: अभिषेक शर्मा ने लगाया IPL करियर का चौथा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

May 07, 2023
11:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 52वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अभिषेक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुकाबले में 55 रन की पारी खेली है। यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली दूसरी अर्धशतकीय पारी रही है। उन्होंने जीत के लिए मिले 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपने IPL करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही अभिषेक की पारी 

पारी की शुरुआत करने आए अभिषेक ने SRH की पारी के चौथे ओवर में संदीप शर्मा के खिलाफ 2 चौके लगाकर लय हासिल कर ली। उन्होंने अनमोलप्रीत सिंह के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 51 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। उन्होंने अपने IPL करियर का चौथा अर्धशतक 33 गेंदों में पूरा किया। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक 34 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।

IPL करियर 

कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?

22 साल के अभिषेक ने IPL में 2018 से लेकर 2023 तक अब तक 44 मैच खेले हैं, जिसकी 42 पारियों में उन्होंने 24.17 की औसत और 139 की स्ट्राइक रेट के साथ 870 रन बना लिए हैं। लीग में उन्होंने अब तक 88 चौके और 31 छक्के लगा लिए हैं। इस लीग में उनका उच्चतम स्कोर 75 रन का है। उन्होंने IPL में SRH के अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC) का भी प्रतिनिधित्व किया है।

लेखा-जोखा 

रोमांचक मुकाबले में जीती SRH 

सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में RR ने पहले खेलते हुए जोस बटलर (95) और संजू सैमसन (66*) की पारियों की मदद से निर्धारित 20 ओवरों के बाद 214/2 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH की टीम ने ये बड़ा लक्ष्य अभिषेक के अर्धशतक की मदद से हासिल किया। SRH को आखिरी गेंद में जीत के लिए 4 रन की दरकार थी, जिसमें अब्दुल समद ने छक्का लगाकर जीत दिला दी।