जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 में ये रिकॉर्ड्स बना चुके हैं अभिषेक शर्मा, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड दौरे पर खेली गई टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम एक टी-20 मैच भी नहीं जीत सकी। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी-20 टीम 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। इस बीच अभिषेक के जिम्बाब्वे के विरुद्ध रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
शतक
अपनी डेब्यू सीरीज में जड़ा था शतक
लगभग 2 साल पहले अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में अपना डेब्यू किया था।
अपने पहले मैच में बिना कोई रन बनाए आउट होने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में शानदार शतक लगाकर जबरदस्त वापसी की थी।
उन्होंने 47 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 8 छक्के शामिल थे।
उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने हरारे में 234/2 का स्कोर बनाया और बाद में 100 रनों से जीत हासिल की थी।
रिकॉर्ड
भारत-जिम्बाब्वे टी-20 में इकलौते शतकवीर हैं अभिषेक
वेस्टइंडीज के एविन लुईस के बाद अभिषेक दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने थे, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में जीरो पर आउट होने के बाद अपने दूसरे टी-20 मैच में शतक लगाया था।
अभिषेक भारत-जिम्बाब्वे टी-20 मैचों में शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज भी हैं।
इन देशों के बीच हुए टी-20 में 80 से ज्यादा रन बनाने वाले अन्य बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (चेन्नई, 2026 में 97 रन) और यशस्वी जायसवाल (हरारे, 2024 में नाबाद 93 रन) हैं।
सूची
इस सूची का हिस्सा हैं अभिषेक
इस साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच में अभिषेक ने शानदार अर्धशतक लगाकर अपनी खराब फॉर्म का सिलसिला तोड़ा था।
इससे पहले लगातार 4 पारियों में 0, 0, 0 और 15 रन बनाने के बाद, इस खिलाड़ी ने 30 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और इतने ही छक्के शामिल थे।
अभिषेक के अलावा शुभमन गिल ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने भारत-जिम्बाब्वे टी-20 में एक से अधिक बार (2 बार) 50+ रन बनाए हैं।
करियर
शानदार चल रहा है अभिषेक का करियर
अभिषेक ने साल 2024 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 53 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 52 पारियों में 32.36 की औसत और 190.35 की स्ट्राइक रेट से 1,600 से अधिक रन बनाए हैं।
इसमें 2 शतक के अलावा 11 अर्धशतक भी शामिल है।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन का रहा है। वह अब तक 104 छक्के और 164 चौके जड़ चुके हैं।