Page Loader
ओलंपिक के इतिहास में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 
अमन सहरावत ने 21 साल की उम्र में पदक जीता (तस्वीर: एक्स/@OlympicKhel)

ओलंपिक के इतिहास में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 

Aug 10, 2024
12:51 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता है। यह भारत का इस ओलंपिक में छठा पदक है। अमन ने सिर्फ 21 साल की उम्र में पदक अपने नाम किया है। वह खेलों के इस महाकुंभ में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। अमन ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में पदक जीता है। इस बीच आइए भारत के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीयों पर नजर डालते हैं।

#1

अमन सहरावत (21 साल 24 दिन) 

अमन ने जब पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता तो उनकी उम्र 21 साल और 24 दिन की थी। उन्होंने पुअर्तो रिको के डारियान टोई क्रूज को 13-5 के अंतर से हराया। इस ओलंपिक के कुश्ती स्पर्धा में भारत के लिए अमन ने पहला पदक दिलाया। बीजिंग ओलंपिक 2008 के बाद हर ओलंपिक में भारत के पहलवानों ने कोई ना कोई पदक जरूर जीता है। पेरिस ओंलिपक में अमन सिर्फ 1 मुकाबला सेमीफाइनल का हारे।

#2

पीवी सिंधु (21 साल 1 महीना 14 दिन)

साल 2016 के रियो ओलंपिक में भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने 21 साल 1 महीना और 14 दिन की उम्र में रजत पदक जीता था। इसी खिलाड़ी का रिकॉर्ड अमन ने तोड़ा है। सिंधु ने अपने पहले संस्करण में ही रजत पदक अपने नाम कर लिया था। साल 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भी इस खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक में वह कोई पदक नहीं जीत पाईं।

#3

साइना नेहवाल (22 साल 4 महीने और 18 दिन)

साइना नेहवाल भारत की पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ओलंपिक के इतिहास में भारत को बैडमिंटन में पदक दिलाया था। उनसे पहले कोई भी खिलाड़ी पुरुष या महिला यह कारनामा नहीं कर पाया था। 2012 के लंदन ओलंपिक में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। साइना ने जब यह पदक जीता तो उनकी उम्र 22 साल 4 महीने और 18 दिन थी। उन्होंने अपने करियर में 24 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं। पेरिस ओलंपिक में वह क्वालीफाई नहीं कर पाईं थी।

#4

मनु भाकर (22 साल 5 महीने और 10 दिन)

पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में मनु भाकर ने 221.7 का स्कोर बनाकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। वह भारत के लिए पदक जीतने वाली चौथी सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उनकी उम्र 22 साल 5 महीने और 10 दिन है। मनु ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित निशानेबाजी स्पर्धा में भी कांस्य पदक अपने नाम किया है। मनु 1 ओलंपिक में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।