वनडे क्रिकेट के इतिहास का 5,000वां मुकाबला खेला गया, जानिए कब हुआ था पहला मैच
क्या है खबर?
कनाडा क्रिकेट टीम और स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के बीच शुक्रवार को हुआ विश्व कप लीग-2 का मुकाबला वनडे क्रिकेट के इतिहास का 5,000वां पुरुष वनडे साबित हुआ। इससे पहले आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच होने वाली द्विपक्षीय सीरीज का पहला वनडे यह उपलब्धि हासिल कर सकता था, लेकिन बारिश के कारण वह मुकाबला रद्द हो गया था। मैच में एक भी गेंद का खेल नहीं हो पाया था। आयरलैंड-अफगानिस्तान सीरीज का दूसरा वनडे 4999वां मुकाबला रहा।
विश्व कप
कब हुई थी वनडे क्रिकेट की शुरुआत?
वनडे क्रिकेट की शुरुआत 5 जनवरी, 1971 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हुई थी। दरअसल, दोनों टीमों के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के शुरुआती तीन दिन बारिश की वजह से धुल गए थे।
इसके बाद अधिकारियों ने टेस्ट मैच रद्द कर वनडे मुकाबला कराने का फैसला किया।
यह मैच 40 ओवर का था, जिसमें हर ओवर में 8 गेंद फेंकी गईं। ऑस्ट्रेलिया ने इस ऐतिहासिक मुकाबले में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया।
पहला
पहला विश्व कप साल 1975 में खेला गया था
पहला क्रिकेट विश्व कप 1975 में इंग्लैंड की मेजबानी में आयोजित किया गया था। उस समय केवल इंग्लैंड के पास ही इतने बड़े टूर्नामेंट के आयोजन के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध थे।
शुरुआती 3 विश्व कप को प्रायोजक के नाम पर प्रूडेंशियल कप कहा गया था।
पहले विश्व कप में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और पूर्वी अफ्रीका की टीम शामिल थी।