Page Loader
सचिन-कोहली के नाम है सर्वाधिक बार एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने का रिकॉर्ड
विराट कोहली का नहीं खुला खाता (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

सचिन-कोहली के नाम है सर्वाधिक बार एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने का रिकॉर्ड

Oct 29, 2023
07:22 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 29वें मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने 101 गेंदों पर 87 रन बनाए। लखनऊ में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 31 रन बनाते ही उनके इस साल (2023) वनडे में 1,000 रन पूरे हो गए। उन्होंने 5वीं बार एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाए हैं। हालांकि, सर्वाधिक बार ऐसा करने का रिकॉर्ड आज भी सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के नाम है।

आंकड़े

शीर्ष पर सचिन और विराट

सचिन और विराट ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा 7-7 बार 1,000 रन बनाए हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर संयुक्त रूप से सौरव गांगुली, रिकी पोंटिंग और कुमार संगाकारा हैं। इन तीनों ही दिग्गज बल्लेबाजों ने वनडे में एक कैलेंडर वर्ष में 6-6 बार 1,000 या उससे ज्यादा रन बनाए। अब इस सूची में रोहित (5) का नाम भी जुड़ गया है। 2023 में रोहित के अलावा शुभमन गिल और पथुम निसांका ने 1,000 रन बनाए हैं।

प्रदर्शन

रोहित ने 5वीं बार किया है यह कारनामा

रोहित ने सबसे पहले साल 2013 में वनडे में 1,000 से ज्यादा रन (1,196) बनाए थे। उन्होंने 2017 में 1,293 रन, 2018 में 1,030 और 2019 में 1,490 रन बनाए थे। साल 2019 में वनडे विश्व कप में उन्होंने 5 शतक जड़ते हुए रनों का पहाड़ कर दिया था। इस बार भी उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। भारतीय कप्तान ने 257 वनडे की 249 पारियों में 49.34 की औतस और 91.36 की स्ट्राइक रेट से 10,510 रन बनाए हैं।