जोहो के सर्वर से हार्डवेयर आयात के अरबों रुपयों की होगी बचत
जोहो ने हाल ही में नथु ला सर्वर पेश किया है। यह भारत में ही बनाया गया स्वदेशी सर्वर है, जिसका मकसद देश के महंगे हार्डवेयर आयात को कम करना है।
पिछले वित्तीय वर्ष में भारत ने 13 अरब डॉलर (करीब 1,200 अरब रुपये) से भी ज्यादा के कंप्यूटिंग सिस्टम आयात किए थे।
कंपनी ने इसे अपने नागपुर स्थित सेंटर में डिजाइन किया है। नथु ला मॉड्यूलर और ऊर्जा दक्ष है। यह 18 फीसदी तक कम बिजली इस्तेमाल करता है और इसकी कुल लागत में 30 फीसदी की बचत भी होती है।
2026 तक 2,000 सर्वर बनाने का लक्ष्य
जोहो को नथु ला को तैयार करने में पूरे 5 साल लगे। इस दौरान, कंपनी ने अपने SETU प्रोग्राम के जरिए स्थानीय छात्रों को ट्रेनिंग दी, ताकि वे इस प्रोजेक्ट से जुड़ सकें। आज इस टीम का 90 फीसदी हिस्सा SETU के ही छात्रों का है।
यह कंपनी के स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने के संकल्प को दिखाता है। उसका लक्ष्य है कि 2026 तक भारतीय डाटा सेंटर्स के लिए 2,000 यूनिट्स का उत्पादन किया जाए।