यूट्यूब पर अब दिखेगा 30 सेकंड का नया विज्ञापन, इसे स्कीप नहीं कर सकेंगे आप
क्या है खबर?
गूगल ने यूट्यूब पर एक नया 30 सेकंड का नॉन-स्किपेबल ऐड फॉर्मेट लॉन्च किया है। इसका मतलब है कि दर्शक इस ऐड को बीच में स्किप नहीं कर पाएंगे। कंपनी ने इसे खास तौर पर कनेक्टेड टीवी यानी CTV के लिए तैयार किया है। इस नए फॉर्मेट का नाम VRC नॉन-स्किप ऐड्स रखा गया है। यह फीचर 2 मार्च से शुरू किया गया है और इसका मकसद टीवी पर यूट्यूब देखने वाले दर्शकों तक पूरा ऐड पहुंचाना है।
फॉर्मेट
बड़ी स्क्रीन के लिए बनाया गया नया फॉर्मेट
गूगल के मुताबिक, यह नया ऐड फॉर्मेट खास तौर पर टीवी जैसी बड़ी स्क्रीन के लिए बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि अब ज्यादा लोग टीवी पर यूट्यूब देख रहे हैं। इसलिए एडवरटाइजर को ऐसा फॉर्मेट दिया गया है, जिसमें पूरा मैसेज दर्शकों तक पहुंच सके। पहले कई ऐड कुछ सेकंड बाद स्किप किए जा सकते थे, लेकिन इस नए फॉर्मेट में 30 सेकंड का ऐड पूरा देखना जरूरी होगा।
AI
AI अपने आप बदलता है ऐड फॉर्मेट
गूगल का कहना है कि उसका AI सिस्टम अलग-अलग डिवाइस के हिसाब से ऐड को अपने आप बदल सकता है। उदाहरण के लिए अगर कोई दर्शक टीवी पर यूट्यूब देख रहा है तो उसे 30 सेकंड का पूरा ऐड दिख सकता है। वहीं अगर कोई मोबाइल या लैपटॉप पर वीडियो देख रहा है तो सिस्टम 6 सेकंड या 15 सेकंड के छोटे ऐड दिखा सकता है। इससे कैंपेन को कई फॉर्मेट में आसानी से चलाया जा सकता है।
टेस्टिंग
पहले से चल रही थी इसकी टेस्टिंग
गूगल इस नए ऐड फॉर्मेट की टेस्टिंग पिछले कुछ महीनों से कर रही थी। कंपनी ने सबसे पहले 2023 में इस तरह के ऐड लाने की योजना के बारे में जानकारी दी थी। अब इसे आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया गया है। इसे पूरी तरह अपनाने में थोड़ा समय लग सकता है, क्योंकि एडवरटाइजर धीरे-धीरे इसे अपने विज्ञापन कैंपेन में शामिल करेंगे। हालांकि, 30 सेकंड का नया विज्ञापन यूजर्स को परेशान कर सकता है।