एक्स पर फिशिंग ईमेल भेजकर की जा रही धोखाधड़ी
अगर, आप एक्स का इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। साइबर अपराधी इन दिनों ऐसे नकली ईमेल भेज रहे हैं, जो बिल्कुल असली लगते हैं, लेकिन उनका मकसद आपका लॉग-इन और पासवर्ड चुराना होता है।
ये मैसेज अक्सर आपके अकाउंट में किसी समस्या का नाटक करते हैं या डरावनी चेतावनियां देकर आपको दबाव में डालते हैं, ताकि वे आपसे गलत लिंक पर क्लिक करवा लें या आपका पासवर्ड हासिल कर लें।
सुरक्षित रहने के लिए अपनाएं ये तरीके
फिशिंग ईमेल की पहचान अक्सर भेजने वाले के अजीब ईमेल पते से या उनमें जुड़ी संदिग्ध फाइल्स से हो जाती है। ऐसे ईमेल आपसे ऐसी जानकारी मांगते हैं, जो कोई भी असली कंपनी कभी नहीं मांगेगी, जैसे आपका पासवर्ड। एक्स कभी भी आपको ईमेल करके पासवर्ड नहीं मांगेगा और न ही कोई अनजान फाइल भेजेगा।
सुरक्षित रहने के लिए किसी भी संदिग्ध ईमेल को ध्यान से जांचें, अज्ञात स्रोतों से ऐप डाउनलोड करने से बचें, अपने डिवाइस को हमेशा अपडेटेड रखें और अपना पासवर्ड कभी किसी के साथ शेयर न करें।