अमेरिका का 10वीं रात भी हमला जारी, ईरान बोला- होर्मुज से एक बूंद निर्यात नहीं होगा
क्या है खबर?
अमेरिका ने मंगलवार को 10वीं रात ईरान पर हमला जारी रखा। उसने करीब 5 घंटे के अभियान में ईरान के कई सैन्य ठिकानों और बंदरगाहों को निशाना बनाया है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया कि उसकी सेना ने ईरान के मिलिट्री कमांड सेंटर्स, समुद्री क्षमताओं, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स और एयर डिफेंस सिस्टम पर हमले किए हैं। ईरान के पश्चिमी इलम प्रांत के अब्दानान शहर में कई धमाकों की आवाज सुनी गई है।
हमले
मई से अभी तक 900 वाणिज्यिक जहाज गुजरे
CENTCOM ने कहा कि महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ते होर्मुज जलमडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों का आना-जाना जारी है और मई की शुरुआत से, लगभग 900 जहाजों और 45 करोड़ बैरल कच्चे तेल के आवागमन में अमेरिकी सेना ने मदद की है।
उसने बताया कि सेनाएं उस जलडमरूमध्य से स्वतंत्र और खुले तौर पर गुजरने की कोशिश कर रहे नाविकों के प्रति ईरान की गैर-जरूरी आक्रामकता के लिए उसे जवाबदेह ठहराने के लिए तैयार और मुस्तैद हैं।
हमला
ईरान कई शहरों में धमाकों की आवाज
ईरानी समाचार एजेंसी ने बताया कि मंगलवार सुबह ईरान के पश्चिमी इलम प्रांत के अब्दानान शहर में कई धमाकों की आवाज सुनी गई है।
अब्दानान के गवर्नर बेज़हाद नूरमोहम्मदी ने कहा कि दीनार कुह इलाके में स्थित एक इमारत को निशाना बनाया गया था। नुकसान की सीमा और हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने जलडमरूमध्य में असुरक्षित मार्ग से गुजरने वाले ग्रीस के 2 टैंकरों पर किया है।
चेतावनी
IRGC ने चेतावनी दी
IRGC ने शिपिंग कंपनियों को अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अमेरिकी सेना से मिली गलत जानकारी पर भरोसा करने से बचने के लिए कहा है।
IRGC ने कहा कि कंपनियां अपने जहाजों को उन मार्गों से दूर रखें, जिन्हें उसने खतरनाक बताया है।
सेना ने कहा कि जब तक इस क्षेत्र में अमेरिका की बुराइयां जारी रहेंगी, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा और इस क्षेत्र से तेल, गैस या रासायनिक उर्वरक की एक बूंद भी निर्यात नहीं होगी।
हमला
कुवैत और बहरीन पर ईरान का हमला
IRGC ने बयान जारी कर दावा किया कि उसने कुवैत पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की है, जिसमें देश में कई स्थानों पर अमेरिकी हैमर्स मिसाइल सिस्टम, रडार, सैटेलाइट रिसीवर, एक दूरसंचार केंद्र और MQ-9 ड्रोन हैंगर को निशाना बनाया गया है।
ईरानी सेना ने बहरीन में एक रडार और अमेरिकी हवाई रक्षा प्रणालियों को नष्ट करने का भी दावा किया है।
दोनों देशों की ओर से किए जा रहे हमलों में कोई कमी नहीं है।