एक्स हुआ डाउन, भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स हुए परेशान
क्या है खबर?
एक्स डाउन होने के कारण भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स को आज (26 मार्च) समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार इस आउटेज को लेकर अब तक हजारों की संख्या में यूजर्स रिपोर्ट कर चुके हैं। कई लोगों ने बताया कि वे प्लेटफॉर्म का सही से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं, जिससे अचानक आई इस दिक्कत ने सोशल मीडिया यूजर्स को काफी परेशान कर दिया है।
समस्या
यूजर्स को फीड और लॉगिन में दिक्कत
डाउनडिटेक्टर के अनुसार, यूजर्स ने बताया है कि सबसे बड़ी समस्या फीड लोड न होने की है। कई लोगों की टाइमलाइन पूरी तरह खाली दिखाई दे रही है, जिससे वे पोस्ट नहीं देख पा रहे हैं। इसके अलावा, लॉगिन करने में भी दिक्कत सामने आई है। कुछ यूजर्स ने बताया कि वे अपने अकाउंट में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कुछ को बार-बार एरर मैसेज दिख रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
अन्य समस्या
पोस्ट करने और इंटरैक्शन में भी परेशानी
कई यूजर्स ने यह शिकायत की है कि वे नई पोस्ट नहीं कर पा रहे हैं या पहले की पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पा रहे हैं। लाइक, कमेंट और शेयर जैसे फीचर्स भी सही से काम नहीं कर रहे हैं। कुछ लोगों ने बताया कि उनकी पोस्ट दिखाई ही नहीं दे रही है। इससे साफ है कि इस आउटेज का असर प्लेटफॉर्म के लगभग सभी मुख्य फीचर्स पर पड़ा है और यूजर्स का अनुभव काफी प्रभावित हुआ है।
बयान
कंपनी की ओर से अभी कोई बयान नहीं
अब तक एक्स की ओर से इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सभी यह भी साफ नहीं है कि समस्या किन क्षेत्रों तक सीमित है या पूरी दुनिया में असर डाल रही है। आमतौर पर ऐसी तकनीकी दिक्कतें कुछ समय में ठीक हो जाती हैं। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें और बार-बार लॉगिन करने से बचें।